ऋषि कपूर और शम्मी कपूर ने नई नायिकाओं के साथ काम करना हमेशा पसंद किया। उनके साथ कई नायिकाओं ने अपना करियर आरंभ किया। इन दो अभिनेताओं के रास्ते पर हिमेश रेशमिया भी चल रहे हैं। हिमेश स्थापित चेहरों की बजाय नई नायिकाओं के साथ काम करना पसंद करते हैं।
दरअसल बात यह है कि जब हिमेश की पहली फिल्म ‘आपका सुरूर’ बनाने की घोषणा हुई थी तो बॉलीवुड की कई टॉप नायिकाओं ने हिमेश के साथ काम करने से इंकार कर दिया था।
आखिरकार हिमेश को नई नायिका हंसिका मोटवानी के साथ काम करना पड़ा। फिल्म चल निकली तो बॉलीवुड की नायिकाएँ हिमेश के साथ काम करने के लिए तैयार हो गईं, लेकिन हिमेश ने फैसला किया कि वे नए चेहरों के साथ काम करना पसंद करेंगे।
‘कर्ज’ में वे इंद्रकुमार की बेटी श्वेता कुमार के साथ काम कर रहे हैं। निर्देशक जॉन मैथ्यू, हिमेश को लेकर ‘ए लव इश्टोरी’ नामक फिल्म शुरू करने जा रहे हैं। इस फिल्म में भी हिमेश के साथ निहारिका नामक नई नायिका देखने को मिलेगी। निहारिका हरिद्वार की रहने वाली हैं और 2005 में पौंड्स फेमिना मिस इंडिया अर्थ रह चुकी हैं।
|