इमरान की क्रिकेट में दिलचस्पी कम है, लेकिन ‘जन्नत’ फिल्म की खातिर वे क्रिकेट में भी रुचि लेने लगे हैं। फिल्म में इमरान हाशमी एक बुकी की भूमिका निभा रहे हैं। इमरान ने भूमिका में वास्तविकता लाने के लिए इस अवैध कारोबार की बारीकियों को समझा।
विशेष फिल्म्स की ‘जन्नत’ की कहानी क्रिकेट के इर्दगिर्द घूमती है। इसमें क्रिकेट के अँधेरे पक्ष पर रोशनी डालने की कोशिश की गई है। क्रिकेट की आड़ में मैच फिक्सिंग और सट्टे का बहुत बड़ा कारोबार है। इस पक्ष को कुणाल देशमुख द्वारा निर्देशित फिल्म में दिखाया जाएगा।
पिछले वर्ष पाकिस्तान क्रिकेट टीम के प्रशिक्षक बॉब वूल्मर की मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हो गई थी। इस घटना को भी फिल्म में शामिल किया गया है। बॉब वूल्मर की भूमिका के लिए दक्षिण अफ्रीका के अभिनेता रिचर्ड बर्टन को चुना गया है। रिचर्ड क्रिकेट से जुड़े हुए हैं, वूल्मर जैसे दिखाई देते हैं और वूल्मर के अच्छे दोस्त भी थे।
विशेष फिल्म्स द्वारा निर्मित ‘आवारापन’, ‘धोखा’ और ‘शोबिज’ जैसी फिल्में लगातार फ्लॉप हुई हैं, इसलिए ‘जन्नत’ के लिए वे खासी मेहनत कर रहे हैं।
|