’बचना ऐ हसीनों’, फिल्म ‘हम किसी से कम नहीं’ का हिट गीत है। इस गीत को ऋषि कपूर पर फिल्माया गया था। यह लोकप्रिय गीत आज भी बड़े चाव से सुना जाता है।
अब इसी गीत के मुखड़े को एक फिल्म का नाम बनाया गया है। ये संयोग की बात है कि ‘बचना ऐ हसीनों’ नामक फिल्म में ऋषि कपूर के बेटे रणबीर कपूर काम कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्माण यशराज फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है।
रणबीर के साथ इस फिल्म में बिपाशा बसु, दीपिका पादुकोण और मिनीषा लाँबा जैसी हसीनाएँ काम कर रही हैं। फिल्म की आधी से ज्यादा शूटिंग पूरी हो चुकी है और वर्ष के मध्य में यह फिल्म प्रदर्शित होगी।
‘साँवरिया’ जैसी फ्लॉप फिल्म से शुरुआत करने वाले रणबीर की यह प्रदर्शित होने वाली दूसरी फिल्म होगी। रणबीर को भरोसा है कि उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल करेगी। ‘साँवरिया’ भले ही असफल हो गई हो, लेकिन रणबीर का अभिनय सबको पसंद आया।
हाल ही में रणबीर ने पुणे में एक फुटबॉल मैच खेला। उनकी टीम में सारे बॉलीवुड के कलाकार थे। बॉलीवुड की टीम ने सात गोल किए, जिसमें से चार गोल रणबीर ने स्कोर किए। उनकी फुटबाल खेलने की शैली ने बॉलीवुड के कई कलाकारों को चकित कर दिया।
|