शाहरुख खान जब फिल्मों में अपना करियर बनाने मुंबई आए थे, तब विवेक वासवानी ने उनकी मदद की थी। विवेक फिल्म निर्माता हैं और इस समय वे फरदीन खान और सुष्मिता सेन को लेकर ‘दूल्हा मिल गया’ बना रहे हैं।
फिल्म के आकर्षण को बढ़ाने के लिए उन्होंने शाहरुख खान से विनती की कि वे फिल्म में छोटा-सी भूमिका निभा दें। शाहरुख ने विवेक की इस विनती को स्वीकार किया।
इस फिल्म की आधी से भी ज्यादा शूटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन पिछले कुछ महीनों से यह फिल्म अटकी पड़ी है। कारण? शाहरुख खान इस फिल्म की शूटिंग के लिए तारीख नहीं दे रहे हैं।
शाहरुख इस समय ज्यादा व्यस्त नहीं है, लेकिन इस फिल्म को वे समय क्यों नहीं दे रहे हैं, यह बात निर्माता विवेक वासवानी को भी समझ में नहीं आ रही है। सुष्मिता सेन तो मजाक करते हुए कहने लगी है कि ‘दूल्हा मिल गया’ फिल्म को पूरी करने के लिए दूल्हे का इंतजार है। इस फिल्म का निर्देशन मुदस्सर अज़ीज कर रहे हैं, जिनके साथ सुष्मिता का नाम इन दिनों जोड़ा जा रहा है।
|