सीक्वल फिल्मों का दौर चल रहा है और अब्बास-मस्तान भी इससे अछूते नहीं रहे हैं। वे अपनी फिल्म ‘बादशाह’ का सीक्वल बनाने की सोच रहे हैं और उन्होंने पटकथा भी तैयार कर ली है।
1999 में प्रदर्शित ‘बादशाह’ में शाहरुख खान और ट्विंकल खन्ना ने अभिनय किया था। इस फिल्म को अपेक्षा से कम सफलता मिली थी। यह आश्चर्य की बात है कि दोनों भाई बजाय अपनी हिट फिल्म के एक कमजोर फिल्म का सीक्वल बनाने की सोच रहे हैं।
जल्दी ही दोनों भाई शाहरुख खान से मिलने वाले हैं। सवाल यह उठता है कि क्या शाहरुख इस फिल्म के लिए हाँ कहेंगे। वैसे शाहरुख और अब्बास-मस्तान के बीच काफी अच्छे संबंध हैं। शाहरुख को पहली जर्बदस्त सफलता ‘बाजीगर’ (1993) से ही मिली थी, जो इन भाइयों ने ही बनाई थी।
|