करीना कपूर ‘कमबख्त इश्क’ में हाई सोसायटी गर्ल का किरदार निभा रही है। इस फिल्म में उसके नायक अक्षय कुमार है। फिल्म और अपनी भूमिका को लेकर करीना काफी उत्साहित है। इस फिल्म की खास बात यह है कि इसमें पॉप सनसनी बियोंसे और अर्नोल्ड श्वार्जनेगर भी अभिनय करेंगे।
करीना का मानना है कि 2007 में उसने ‘जब वी मेट’ के जरिए धमाकेदार सफलता हासिल की है और ज्यादार श्रेष्ठ नायिका के पुरस्कार उसे ही मिलने वाले हैं। उसका सफलता का सफर 2008 में भी जारी रहेगा। ‘कमबख्त इश्क’ के अलावा उसकी ‘गोलमाल रिटर्न’ और ‘टशन’ भी प्रदर्शित होने वाली है।
यशराज फिल्म्स द्वारा निर्मित ‘टशन’ 25 अप्रैल को प्रदर्शित होगी। इसमें करीना अपने बॉयफ्रेंड सैफ अली खान के साथ नजर आएगी। रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘गोलमाल रिटर्न’ में उसके नायक अजय देवगन हैं तुषार कपूर उसके भाई बने हैं। करीना का कहना है कि वह इन तीनों फिल्मों में अलग-अलग किरदार निभा रही है और उसके प्रशंसक उसे जरूर पसंद करेंगे।
|