बड़ी फिल्मों का प्रदर्शन नवंबर में भी जारी रहेगा। सिनेमाघरों की कमी महसूस हो रही है और इसलिए फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स को सिनेमाघर मालिकों की शर्तों को मानना पड़ रहा है। नवंबर के प्रत्येक सप्ताह में बड़ी फिल्म देखने को मिलेगी।
PR
6 नवंबर को दो युवा अभिनेताओं की फिल्मों की टक्कर होगी। रणबीर की आखिरी फिल्म ‘वेक अप सिड’ और नील नितिन मुकेश की ‘न्यूयॉर्क’ सफल रही हैं। इन दोनों की ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ और ‘जेल’ में मुकाबला होगा। दोनों फिल्मों का विषय अलग है।
‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ शुद्ध कमर्शियल फिल्म है, जिसमें हास्य और रोमांस को प्रमुखता दी गई है। कैटरीना कैफ और रणबीर की जोड़ी इसकी खासियत है। फिल्म के गाने हिट हो रहे हैं और प्रोमो भी धूम मचा रहे हैं।
दूसरी ओर ‘जेल’ में वास्तविकता का चित्रण किया गया है। मधुर भंडारकर इस बार जेल की दुनिया की पोल खोलेंगे। उनका एक विशेष दर्शक वर्ग है, जो ‘जेल’ देखना पसंद करेगा। मुग्धा गोडसे और मनोज बाजपेयी इस फिल्म के प्रमुख कलाकार हैं।
PR
13 नवंबर इमरान हाशमी और सोहा अली खान अभिनीत ‘तुम मिले’ प्रदर्शित होगी। कुछ वर्ष पहले 26 जुलाई को मुंबई में हुई भारी वर्षा की पृष्ठभूमि में इस प्रेम कहानी को निर्देशक कुणाल देशमुख ने दिखाया है। इमरान की फिल्म का संगीत हमेशा हिट रहा है और ये फिल्म भी इसका अपवाद नहीं है। आफताब शिवदासानी अभिनीत ‘आओ विश करें’ भी इसी दिन प्रदर्शित होगी।
इन दोनों फिल्मों को हॉलीवुड की बड़े बजट की भव्य फिल्म ‘2012’ का सामना करना पड़ेगा। कई दिनों से इस फिल्म की चर्चा है। हिंदी में इसे ‘2012 प्रलय की शुरुआत’ नाम से प्रदर्शित किया जा रहा है। डब फिल्म ‘ललकार एक जंग’ भी रिलीज होगी।
PR
करण जौहर द्वारा निर्मित ‘कुर्बान’ 20 नवंबर को प्रदर्शित होगी। सैफ अली खान, विवेक ओबेरॉय और करीना कपूर जैसे स्टार्स इस फिल्म में हैं। रेंसिल डीसिल्वा ने इसे निर्देशित किया है, जिन्होंने ‘रंग दे बसंती’ जैसी फिल्म लिखी है।
फिल्म के बारे में प्रचारित किया जा रहा है कि इसमें बोल्ड सीन है और सैफ-करीना के बीच एक लंबा चुंबन दृश्य है। यह प्रेम कहानी आतंकवाद की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ‘फिर वही डर’ और ‘मैं हूँ विनाशक’ जैसी दो डब फिल्में भी इसी दिन दर्शकों को आकर्षित करने का प्रयास करेंगी।
PR
दर्शकों को हँसाने के लिए अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल और निर्देशक प्रियदर्शन की चौकड़ी 27 नवंबर को ‘दे दना दन’ लेकर आ रही हैं। इस फिल्म से सभी को उम्मीद है। साथ में कैटरीना कैफ, समीरा रेड्डी और नेहा धूपिया जैसी नायिकाओं के साथ हास्य कलाकारों की भी लंबी फौज है।
कुल मिलाकर नवंबर माह में रोचक फिल्में देखने को मिलेंगी।