शाहरुख खान की फिल्म ‘बिल्लू बार्बर’ में लारा दत्ता वही रोल कर रही हैं, जिसे अमीषा पटेल ने स्वीकार करने के बाद छोड़ दिया था। अमीषा ने हाँ कहने के बाद ना कह दिया। इससे शाहरुख खान और निर्देशक प्रियदर्शन सोच में पड़ गए। उन्हें अमीषा से इस तरह के गैरजिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद नहीं थी।
कई नायिकाओं से संपर्क किया गया, लेकिन ज्यादातर अपनी तारीखें किसी और फिल्म को दे चुकी थीं। लारा दत्ता से संपर्क किया गया तो वे फौरन तैयार हो गईं। शायद लारा ने सोचा होगा कि इससे उन्हें शाहरुख कैम्प में घुसने में आसानी होगी। प्रियदर्शन के साथ लारा ‘भागमभाग’ में काम कर चुकी हैं।
लारा इस फिल्म में इरफान खान की पत्नी की भूमिका निभा रही हैं। इरफान की नायिका कोई नहीं बनना चाहता क्योंकि बॉलीवुड की हीरोइनों को लगता है कि इससे उनकी इमेज पर विपरीत असर होगा, लेकिन लारा ने इसे चुनौती के रूप में स्वीकारा।
फिल्म में इरफान एक गरीब व्यक्ति बने हैं, इसलिए लारा को भी ग्लैमरस नहीं दिखाया गया है। यही नहीं, उन्हें घर के सारे काम करते हुए भी दिखाया गया है। लारा खाना बनाते और कपड़े धोते हुए दिखाई देंगी।
लारा का कहना है कि उन्होंने इसके पूर्व अपनी जिंदगी में कभी ऐसे काम नहीं किए, इसलिए उन्हें यह भूमिका निभाते समय थोड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन निर्देशक प्रियदर्शन ने उनकी काफी मदद की।
लारा को इस बात की हैरानी है कि अमीषा पटेल ने इतनी सशक्त भूमिका कैसे छोड़ दी। ग्लैमरस लारा को पसंद करने वाले लारा को इस रोल में भी पसंद करेंगे, ऐसा उनका विश्वास है।
‘पार्टनर’ और ‘झूम बराबर झूम’ के जरिये जो फायदा लारा को मिला है, उसका वे पूरा फायदा उठा रही हैं। उन्हें ऑफर तो कई मिले हैं, लेकिन वे सोच-समझकर फिल्मों का चुनाव कर रही हैं।
करियर के साथ-साथ लारा की निजी जिंदगी में भी काफी उथल-पुथल मची हुई है। कैली दोरजी से अलगाव होने के बाद लारा का नाम लगातार डिनो मोरिया से जोड़ा जा रहा है। हालाँकि डीनो को लारा अपना अच्छा दोस्त बता रही हैं, लेकिन लगातार साथ देखे जाने की वजह से बॉलीवुड में दोनों के अफेयर की चर्चा है।
लारा अपने फ्लैट को लेकर भी परेशान हैं। कैली से अलग होने के कुछ दिनों बाद उन्होंने एक नया फ्लैट लिया, जिसे उनके गुरु ने वास्तु के हिसाब से अशुभ बता दिया और कहा कि इससे उनके करियर पर विपरीत असर पड़ेगा। सुनने में आया है कि लारा नए घर की तलाश में हैं।