क्या बोले कंगना!

बॉलीवुड में अच्छे अभिनय और हिट फिल्म देने के बावजूद अभिनेत्री कंगना अन्य कारणों से ज्यादा चर्चित रही हैं। आदित्य पंचोली से नजदीकियाँ और विवाद की हमेशा चर्चा होती रही है और लोगों को अब तक समझ में नहीं आया कि दोनों के बीच कैसे संबंध हैं? कंगना की बहन पर तेजाब फेंकने की घटना हो या फिर महेश भट्ट की फिल्म पहले ठुकराना और बाद में स्वीकार करने वाली बात हो, विवादों से कंगना का नाता रहा है और इसका असर उनके करियर पर भी पड़ा है। कंगना के बाद करियर शुरू करने वाली नायिकाएँ आज कंगना से आगे खड़ी हैं। ‘काइट्स’ और ‘फैशन’ का सहारा ’काइट्स’ और ‘फैशन’ कंगना की आगामी फिल्में हैं जो उनके करियर को सही दिशा दे सकती हैं। मधुर भंडारकर द्वारा निर्देशित ‘फैशन’ दीपावली पर प्रदर्शित होने जा रही है। मधुर अपनी नायिकाओं से उम्दा अभिनय करवाने में माहिर माने जाते हैं। कंगना के अलावा इसमें प्रियंका चोपड़ा भी मुख्य भूमिका निभा रही हैं। ‘काइटस’ का निर्देशन अनुराग बसु कर रहे हैं जिनके साथ कंगना पहले भी काम कर चुकी हैं। ‘काइट्स’ कंगना की पहली ऐसी फिल्म है, जिसे हम बड़ी और कमर्शियल फिल्म मान सकते हैं। रितिक रोशन इसमें कंगना के नायक हैं। रितिक के साथ काम कर कंगना बेहद खुश हैं। वे रितिक के साथ काम करना चाहती थीं और इस फिल्म के जरिये उनकी इच्छा पूरी हुई। नग्न दृश्य! ’फैशन’ फिल्म फैशन जगत पर आधारित है और कंगना का किरदार काफी बोल्ड है। जब से यह फिल्म बन रही है तबसे लगातार इसकी चर्चा हो रही है। कहा जा रहा था कि इस फिल्म में कंगना ने नग्न दृश्य दिया है। कंगना ने इसका खंडन किया है। कंगना के मुताबिक वे कभी नग्न दृश्य परदे पर नहीं दे सकती। उन्होंने बॉडीसूट पहनकर यह दृश्य दिया है और लोगों ने नग्न दृश्य की अफवाह उड़ा दी। मधुर भंडारकर की तारीफ करते हुए वे कहती हैं कि उन्होंने बेहतरीन फिल्म बनाई है और यह फिल्म लोगों को पसंद आएगी। प्यार या तकरार ’राज 2’ में काम करते समय कंगना फिल्म के नायक अध्ययन सुमन के करीब आ गईं। दोनों ने अपने प्यार को खुलेआम स्वीकारा भी। कंगना ने अध्ययन के तारीफ के पुल बाँध दिए कि उन्हें ऐसे ही लड़के की तलाश थी। अध्ययन के पिता शेखर सुमन इस रोमांस से बेहद नाराज हैं और उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर भी किया। अध्ययन को छोटा बताते हुए उन्होंने सारा दोष कंगना को दिया। शेखर के आरोप के बाद कंगना और अध्ययन के संबंधों में खटास आ गई। हालाँकि कंगना और अध्ययन कहते हैं कि उन्हें शेखर ने रोमांस के बजाय करियर पर ध्यान देने के लिए कहा है।