अक्टूबर महीने से बड़ी फिल्मों का दौर शुरू हो रहा है। इस महीने ईद, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहार हैं। आमतौर पर नवरात्रि पर कोई बड़ी फिल्म प्रदर्शित नहीं होती है, लेकिन इस बार ईद का त्योहार नवरात्रि के दरमियान ही है, इसलिए दो बड़ी फिल्म इस अवधि में प्रदर्शित हो रही हैं। 2 अक्टूबर को गुरुवार है, लेकिन छुट्टी का लाभ लेने के लिए ‘द्रोण’ और ‘किडनैप’ के निर्माताओं ने अपनी फिल्म को शुक्रवार की बजाय गुरुवार को प्रदर्शित करने का निश्चय किया है। दशहरे की छुट्टी का लाभ भी इस फिल्म को मिलेगा।
2 अक्टूबर को ‘रामचंद्र पाकिस्तानी’ भी प्रदर्शित हो रही है, लेकिन मुख्य मुकाबला ‘द्रोण’ और ‘किडनैप’ के बीच है। ‘द्रोण’ अभिषेक बच्चन और गोल्डी बहल के लिए अहम है। अभिषेक इस फिल्म के सोलो हीरो हैं और इसकी सफलता उनकी स्थिति को बॉलीवुड में मजबूत करेगी। फिल्म के प्रोमो को खास सराहना नहीं मिली है, लेकिन प्रचार के मामले में यह ‘किडनैप’ पर भारी है। ‘किडनैप’ को ‘धूम’ वाले संजय गढ़वी ने निर्देशित किया है। यह एक थ्रिलर फिल्म है, जिसमें इमरान खान और संजय दत्त की टकराहट को दिखाया गया है। इमरान और संजय जैसे हॉट सितारों की वजह से यह दर्शकों को आकर्षित कर सकती है।
PR
दशहरा और दीपावली के बीच की अवधि फिल्म व्यवसाय के हिसाब से उपयुक्त नहीं मानी जाती क्योंकि लोग त्योहार मनाने की तैयारी में व्यस्त रहते हैं। इसके बावजूद दो-तीन बड़ी फिल्म इस अवधि में प्रदर्शित होने वाली हैं। 10 अक्टूबर को अतुल अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित फिल्म ‘हैलो’ प्रदर्शित होगी। इसमें कॉल सेंटर में काम करने वालों की जिंदगी की झलक दिखाई गई है। सलमान खान और कैटरीना कैफ जैसे स्टार्स इस फिल्म में मेहमान कलाकार के रूप में नजर आएँगे। इसके अलावा ‘शूरवीर’ (डब), ‘बेबीलॉन ए.डी. (डब) और ‘चींटी चींटी बैंग बैंग’ भी इसी दिन प्रदर्शित होगी।
PR
17 अक्टूबर को ‘कर्ज’ सिनेमाघरों में दिखाई देगी। यह सुभाष घई की फिल्म ‘कर्ज’ का रीमेक है। हिमेश रेशमिया, श्वेता और उर्मिला मातोंडकर इस फिल्म के प्रमुख कलाकार हैं। पहले यह फिल्म दीपावली के बाद प्रदर्शित होने वाली थी, लेकिन ज्योतिष की सलाह पर हिमेश ने यह फिल्म 17 तारीख को प्रदर्शित करने की माँग की जो मान ली गई। इस फिल्म की सफलता से हिमेश को कहने का अवसर मिलेगा कि ‘आपका सुरूर’ की सफलता तुक्का नहीं थी। हिमेश की इस फिल्म का मुकाबला नाना पाटेकर, रिमी सेन अभिनीत फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज़’ से होगा। नाना बजाय गुस्सा करने के इस फिल्म में सभी को हँसाएँगे।
PR
दीपावली वाले हफ्ते में ‘हीरोज़’, ‘एसआरके’ और ‘रोड साइड रोमियो’ प्रदर्शित होंगी। ‘हीरोज़’ में सलमान, मिथुन, प्रीति, सनी और बॉबी जैसे कलाकार छोटी भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। एनिमेशन फिल्म ‘रोड साइड रोमियो’ को यशराज फिल्म्स ने वाल्ट डिजनी के सहयोग से बनाया है। इसमें सैफ अली खान और करीना कपूर ने एनिमेटेड पात्रों को अपनी आवाज दी है।
दीपावली का फायदा उठाने के लिए दीपावली के एक दिन बाद यानी कि 29 अक्टूबर बुधवार को ‘ईएमआई’, ‘फैशन’ और ‘गोलमाल रिटर्न’ के प्रदर्शन की घोषणा की गई है। ‘फैशन’ में जहाँ मधुर भंडारकर फैशन जगत की पोल खोलेंगे, वहीं ‘गोलमाल रिटर्न’ में दर्शकों को हँसाने का प्रयास किया जाएगा। इस दीपावली को वैसी बड़ी फिल्में प्रदर्शित नहीं हो रही हैं, जैसी कि पिछली कुछ दीपावली पर देखने को मिली थीं।