कैटरीना कैफ के सबसे ज्यादा फोटो डाउनलोड किए जाते हैं। कैटरीना कैफ दुनिया की सबसे सेक्सी महिला हैं। कैटरीना कैफ को आइफा अवार्ड में स्टाइल आइकॉन चुना गया है। ये सब दर्शाते हैं कि कैटरीना इस समय सबसे ज्यादा लोकप्रिय नायिका हैं।
इतने सारे तमगे हासिल करने के बाद कैटरीना का खुश होना लाजिमी है। लेकिन इसका घमंड उन्हें बिलकुल भी नहीं है। कैटरीना का मानना है कि दर्शकों ने उन्हें फिल्मों में निभाए गए चरित्रों के जरिए चुना है। उनके दिमाग में कैटरीना की छवि फिल्म में निभाए गए चरित्रों के अनुरूप है। इसलिए वे इन बातों को ज्यादा गंभीरता से नहीं लेती।
कैटरीना को लगता है कि उनकी स्वीट-गर्ल-नेक्स्ट-डोर वाली छवि दर्शकों के दिमाग में अंकित है। लोग उन्हें अपने जैसी लड़की मानते हैं। इस वजह से उन्हें दर्शकों का प्यार मिल रहा है। कैटरीना को पसंद करने वाले प्रशंसकों में बच्चों की संख्या भी बहुत ज्यादा है।
कैटरीना के बारे में लोग चाहे जो राय रखते हों, लेकिन उनकी बहनें उन्हें बेहद बोरिंग किस्म का इंसान मानती है। उन्हें तो यकीन ही नहीं हो रहा है कि कैटरीना को लोग सेक्सी और स्टाइल आइकॉन मान रहे हैं। कैटरीना अपनी इसी ईमानदारी और मासूमियत की वजह से लोकप्रिय हैं।
कैटरीना की माँग लगातार हिट फिल्म देने की वजह से बॉलीवुड के निर्माता-निर्देशकों में कैटरीना को अपनी फिल्म में साइन करने के लिए होड़ मची हुई है। कैटरीना को वह समय याद है जब उन्हें निर्माता-निर्देशकों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब उन्हें घर बैठे काम मिल रहा है।
एक अभिनेत्री के रूप में कैटरीना अपनी अभिनय की सीमाओं से भलीभाँति परिचित हैं। उन्हें इस बात का भ्रम नहीं है कि वे महान अभिनेत्री हैं। वे उसी तरह की भूमिका करना चाहती हैं, जिसमें वे आरामदायक महसूस कर सकें। सीमित दायरे में रहकर वे कठोर परिश्रम कर रही हैं, जिसका फल उन्हें मिल रहा है।
बड़ी उम्र के नायक कैटरीना ज्यादातर फिल्मों में अक्षय कुमार, सलमान खान, गोविंदा जैसे उम्रदराज नायकों की नायिका बनी हैं। उन्हें युवा नायकों की नायिका बनने का अवसर कम मिला है। लेकिन कैटरीना इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचती। उन्हें यदि अपनी भूमिका पसंद आती है तो नायक कोई भी हो, वे फिल्म करने के लिए तैयार हो जाती हैं।
कैटरीना के साथ कई निर्माता युवा नायकों को लेने की सोच रहे हैं। राजकुमार संतोषी की फिल्म में वे शाहिद कपूर के साथ काम कर रही हैं। हो सकता है कि वे जल्दी ही रणबीर, नील मुकेश, रितिक रोशन जैसे युवा नायकों के साथ भी काम करें।
वर्षों पुराना है क्रिकेट से प्यार हाल ही में कैटरीना आईपीएल स्पर्धा में विजय माल्या की टीम रॉयल चैलेंजर्स से जुड़ी थीं। कैटरीना उन नायिकाओं में से नहीं हैं, जो क्रिकेट का सिर्फ सतही ज्ञान रखती हैं। कैटरीना का ज्यादातर समय लंदन में गुजरा है। इंग्लैण्ड में क्रिकेट की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। कैटरीना को भी इस खेल ने अपनी गिरफ्त में ले लिया। कैटरीना ने ढेर सारे मैच देखे हैं और उन्हें वेस्टइंडीज टीम हमेशा पसंद रही है।
सलमान की चर्चा पसंद नहीं सलमान और कैटरीना के रिश्ते किसी से छिपे नहीं हैं। अक्सर उनके बीच नोक-झोंक की खबरें आती रहती हैं, लेकिन कैटरीना ने इस बारे में कभी मुँह नहीं खोला। कैटरीना का मानना है कि सलमान और उनके रिश्ते का महत्व उसकी गोपनीयता में है। वे इस बारे में सार्वजनिक रूप से बात नहीं कर सकतीं।
|