‘हिमालय पुत्र’ से अपना करियर आरंभ करने वाले अक्षय खन्ना कभी भी नायकों की रेस में आगे नहीं रहे। वे स्टार भले ही न बन सके, लेकिन एक अच्छा अभिनेता उन्हें हमेशा माना गया।
अक्षय को बड़े बैनर्स और निर्देशकों का हमेशा साथ मिला, लेकिन सफलता उनके हाथ कम ही लगी। आज अक्षय उस मकाम पर हैं जहाँ पर फिल्म के चलने या न चलने से उनकी स्टार वैल्यू पर कोई फर्क नहीं पड़ता। निर्माता-निर्देशकों को भी पता है कि अक्षय अपने दम पर भीड़ नहीं खींच सकते, इसलिए अक्षय ज्यादातर दो-तीन नायकों के साथ ही नजर आते हैं।
अक्षय के करियर में अब्बास-मस्तान और प्रियदर्शन ने अहम भूमिका निभाईं। इन निर्देशकों ने अक्षय को बॉक्स ऑफिस के मूल्य के परे जाकर हमेशा अपनी फिल्मों में लिया और कामयाबी हासिल की। अक्षय की ज्यादातर सफल फिल्मों को इन्होंने ही निर्देशित किया है।
यह हैरत की बात है कि अब्बास-मस्तान जब निर्माता बने और अक्षय को साइन करने पहुँचे तो उन्होंने इतनी ज्यादा रकम माँगी कि दोनों भाइयों को अक्षय को फिल्म में लेने का विचार त्यागना पड़ा। अक्षय यदि मुफ्त में भी काम कर देते तो भी वे अब्बास-मस्तान का अहसान शायद ही उतार पाते।
विनोद खन्ना जब अपने करियर के शिखर पर थे तो शांति की तलाश में फिल्म उद्योग को ठुकराकर चले गए थे। इसका फायदा अमिताभ ने उठाया क्योंकि तब नंबर वन के अभिनेता के लिए दोनों में मुकाबला चल रहा था।
अपने पिता की यह बेचैनी अक्षय में भी है। वे भी अपने करियर, स्वभाव और प्यार को लेकर भ्रमित दिखाई देते हैं। अपने करियर के आरंभ में अक्षय बेहद अंतर्मुखी थे और सहकलाकारों से ज्यादा बात नहीं करते थे।
वे अपने आपको ज्यादा प्रचारित नहीं करते क्योंकि उनका मानना है कि इससे दर्शकों के बीच उनका आकर्षण कम हो जाएगा। इस मामले में वे सनी देओल को अपना आदर्श मानते हैं। अक्षय सोचते हैं कि एक नायक के इर्दगिर्द रहस्य बना रहना चाहिए, जिससे दर्शक ज्यादा से ज्यादा उनके बारे में जानने के लिए उत्सुक रहें।
आमतौर पर नायकों के बाल कम होने लगते हैं तो वे हेयर स्पेशलिस्ट की शरण में जाकर उपचार करवाते हैं। सलमान, सनी, गोविंदा ने आधुनिक तकनीक के जरिए अपने गंजेपन को छिपाया, लेकिन अक्षय ने कभी अपने कम बालों की परवाह नहीं की। अपने मूल स्वरूप में ही वे नजर आए। जरूरत पड़ी तो फिल्म में विग लगा ली।
33 वर्षीय अक्षय का नाम कुछ लड़कियों से जुड़ा, लेकिन वे किसी के प्रति भी ज्यादा गंभीर नजर नहीं आए। वे स्वतंत्रता को बेहद प्यार करते हैं और शादी शायद उन्हें एक बंधन नजर आती है।
अक्षय के करियर की अहम फिल्म ‘मेरे बाप पहले आप’ शीघ्र ही प्रदर्शित होने वाली है, इसमें वे अकेले नायक हैं। प्रियदर्शन की यह फिल्म अक्षय के करियर को सँवारने में अहम भूमिका निभा सकती है।
|