चार जुलाई को दो बड़ी हिंदी फिल्में आमने-सामने होगी। इन फिल्मों के हीरो नए हैं, लेकिन निर्माता दिग्गज हैं।
हैरी बावेजा के बेटे हरमन बावेजा जिन्हें कि प्रियंका चोपड़ा के बॉयफ्रेंड के रूप में ज्यादा जाना जाता है, ‘लव स्टोरी 2050’ से अपना करियर आरंभ करेंगे। इस फिल्म में सन् 2050 की कहानी दिखाई जाएगी। उस दौर को दिखाने के लिए हैरी बावेजा ने फिल्म पर खूब पैसा खर्च किया है।
इसी दिन आमिर खान की अपने भाँजे इमरान को लेकर बनाई गई फिल्म ‘जाने तू... या जाने ना’ का भी प्रदर्शन होगा। फिल्म से आमिर का नाम जुड़ा है, इसका सीधा फायदा इमरान को मिलेगा क्योंकि ‘तारे जमीं पर’ जैसी उत्कृष्ट फिल्म बनाने के बाद आमिर की प्रतिष्ठा में इजाफा हुआ है। फिल्म के प्रोमो को देख आभास होता है कि यह टीन एज़ लव स्टोरी है। जेनेलिया डिसूजा इसमें इमरान की नायिका बनी हैं।
बॉलीवुड के अधिकांश लोगों का मानना है कि दो नए हीरो की फिल्मों का एक ही दिन प्रदर्शित होना ठीक नहीं है। उनके अनुसार दोनों फिल्मों के बीच एक सप्ताह का अंतर होता तो यह दोनों के लिए फायदेमंद होता।
इस तर्क में दम नहीं है। दोनों फिल्म अगर अच्छी बनी हैं तो दोनों कामयाबी हासिल कर सकती हैं। ‘लगान’ और ‘गदर : एक प्रेमकथा’ ने एक ही दिन प्रदर्शित होकर इतिहास रचा था।
इस टकराव को टालने की कोशिश हैरी बावेजा ने की थी। दरअसल उन्होंने अपनी फिल्म के प्रदर्शन की तिथि बहुत पहले घोषित कर दी थी। आमिर ने भी उसी दिन ‘जाने तू... या जाने ना’ को प्रदर्शित करने की घोषणा कर हैरी की परेशानी को बढ़ा दिया।
हैरी ने आमिर से अनुरोध किया था कि वे अपनी फिल्म को आगे बढ़ा लें, लेकिन आमिर ने इंकार कर दिया। योजनाबद्ध तरीके से काम करने वाले आमिर ने पूरा शेड्यूल बना लिया था और उसमें फेरबदल करने के वे इच्छुक नहीं थे।
इमरान बनाम हरमन का मुकाबला रोचक है। यदि दोनों में प्रतिभा है और उनकी फिल्मों में दम है तो दोनों फिल्म सफलता हासिल कर सकती है। इस समय दोनों फिल्म के निर्माता प्रचार में जुटे हुए हैं। दर्शकों को चार जुलाई का इंतजार करना होगा।
|