नायिका बनने का सपना देखने वाली हर लड़की चाहती है कि उसकी पहली फिल्म का निर्माण यशराज फिल्म्स करें। फिल्म के निर्देशक आदित्य चोपड़ा हों और वह शाहरुख की नायिका बने।
इस ख्वाब के हकीकत में तब्दील होने की उम्मीद बेहद कम लगती है, लेकिन कुछ लोगों की किस्मत इतनी बुलंद होती है कि उनके लिए यह सपना सच हो जाता है।
अनुष्का शर्मा से ईर्षा करने वालों की संख्या उस समय बहुत बढ़ गई होगी जब यश चोपड़ा ने उन्हें अपनी आगामी फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ की नायिका बनाने की घोषणा कर दी।
19 वर्षीय अनुष्का ने अपनी पहली फिल्म के जरिये ही वह सब कुछ पा लिया जिसका सपना देखते हुए कई नायिकाओं की उम्र गुजर जाती है। आदित्य चोपड़ा निर्देशित ‘रब ने बना दी जोड़ी’ में वे शाहरुख खान की नायिका बनेंगी।
‘रब ने बना दी जोड़ी’ के लिए नायिका की तलाश आदित्य चोपड़ा कई दिनों से कर रहे थे। कई लड़कियों में उन्होंने अपनी फिल्म की नायिका को तलाशा, लेकिन बात नहीं बनी। अनुष्का को चुनने के बाद उनकी तलाश खत्म हुई।
अनुष्का एक मॉडल हैं और अभिनय का उन्हें कोई अनुभव नहीं है। यश चोपड़ा के मुताबिक ‘हम ऐसी लड़की चाहते थे, जिसमें पंजाब के छोटे शहर में रहने वालों की तरह जोश दिखाई दे। अनुष्का में वह चिंगारी दिखाई देती है। हमें पूरा विश्वास है कि वे शाहरुख के साथ उम्दा अभिनय भी कर लेंगी।‘
पिछले वर्ष शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण ने ‘ओम शांति ओम’ के जरिये अपना करियर आरंभ किया था और आज उनका शुमार बॉलीवुड की चोटी की नायिकाओं में किया जाता है। उम्मीद की जा सकती है कि इस फिल्म के बाद अनुष्का भी ऐसी कामयाबी हासिल करेगी।
‘रब ने बना दी जोड़ी’ की शूटिंग 16 मई से आरंभ होगी और फिल्म 12 दिसम्बर को प्रदर्शित होगी।
|