लारा दत्ता के एक्स बॉयफ्रेंड कैली दोरजी और डीनो मोरिया बेहद अच्छे दोस्त हैं। मुंबई में अपने शुरुआती दिनों में कैली, डीनो के घर पर ही रुके थे। उसके बाद जब कैली को लारा से प्यार हुआ तो वे लारा के घर पर शिफ्ट हो गए। इसके बावजूद दोनों की दोस्ती में कोई फर्क नहीं आया।
कैली के जरिए लारा भी डीनो की बेहद अच्छी दोस्त बन गईं। लारा और कैली का वर्षों रोमांस चला। कुछ माह पहले जब दोनों ने अलग होने का फैसला लिया तो कैली को लारा का घर छोड़ना पड़ा।
प्रेमिका द्वारा ठुकराए जाने के बाद कैली को एक बार फिर अपने दोस्त की याद आई। डीनो ने कैली को कुछ दिनों तक अपने घर में ठहराया और कैली का दु:ख कम करने में मदद की। दोनों ने मिलकर फिल्म प्रोडक्शन कंपनी खोलने के बारे में भी सोचा।
डीनो ने अपने दोस्तों के साथ लारा और कैली की सुलह करवाने की कोशिश भी की, लेकिन दोनों इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसी बीच खबरें आने लगीं कि डीनो और लारा में रोमांस शुरू हो गया है। इस बात पर किसी को यकीन नहीं हुआ क्योंकि डीनो और कैली बेहद अच्छे दोस्त हैं।
पिछले दिनों एक पुरस्कार समारोह में लारा और डीनो साथ-साथ देखे गए। उनका आपसी बर्ताव इस बात की ओर इंगित कर रहा था कि दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे हैं। लारा और डीनो ने अब छिप-छिपकर मिलना बंद कर दिया है।
देखा जाए तो इस प्रकरण में गलती किसी की भी नहीं है। लारा ने कैली से अलग होने के बाद डीनो से प्रेम किया। डीनो ने भी ऐसा ही किया। बेचारे कैली ने प्रेमिका भी खोई और अब दोस्त भी खो दिया।
लारा से तो वे अलग हो ही चुके हैं, लेकिन उन्हें इस बात का दु:ख हो रहा होगा कि उनके दोस्त ने उनकी एक्स प्रेमिका से रिश्ता जोड़ लिया। उन्हें ‘संगम’ का गाना जरूर याद आ रहा होगा ‘दोस्त, दोस्त ना रहा’। त्रिकोणात्मक प्रेमकथा फिल्मों में ही नहीं जिंदगी में भी दिखाई देती है।
|