मई का महीना बॉलीवुड के लिए राहत भरा रहता है। स्कूल और अधिकांश कॉलेजों की छुट्टियाँ लग जाती हैं और मनोरंजन के लिए दर्शक सिनेमाघर की ओर रुख करते हैं। लेकिन इस बार क्रिकेट फिल्मों की राह में बाधा बनकर खड़ा हुआ है।
आईपीएल स्पर्धा के अंतर्गत चल रहे रोमांचक मैचों के कारण शाम और रात के शो पर असर पड़ रहा है। मई के पूरे माह में यह स्पर्धा चलेगी, जिसका प्रभाव फिल्मों पर पड़ेगा। इसके बावजूद मई में कई फिल्में प्रदर्शित होने वाली हैं, हालाँकि ज्यादातर छोटे बजट की फिल्में हैं।
2 मई को अरसे से बनकर तैयार ‘मि. व्हाइट मि. ब्लैक’ दर्शकों को देखने को मिलेगी। इस फिल्म का निर्देशन दीपक शिवदासानी ने किया है। सुनील शेट्टी और अरशद वारसी जैसे कलाकार इस फिल्म के नायक हैं, जो इन दिनों चरित्र भूमिकाओं में देखे जा सकते हैं।
'मि. व्हाइट मि. ब्लैक' की कहानी के लिए क्लिक करें
अनंत महादेवन की फिल्म ‘अनामिका’ रहस्य और रोमांच से भरी है। कहा जा रहा है कि इसकी कहानी हॉलीवुड की फिल्म ‘रेबेका’ से उठाई गई है। डीनो मोरिया, कोएना मित्रा और मिनिषा लांबा ने इसमें प्रमुख भूमिकाएँ निभाई हैं। इसके अलावा प्रणाली-द ट्रेडिशन, आयरन मैन (डब), खून खराबा (डब), द फोरबिडन किंगडम (डब) जैसी फिल्में भी 2 तारीख वाले शुक्रवार दिखाई दे सकती हैं।
'अनामिका' की कहानी के लिए क्लिक करें
9 मई को प्रदर्शित होने वाली बी.आर. फिल्म्स की ‘भूतनाथ’ से बॉलीवुड को काफी आशाएँ हैं। यह फिल्म बच्चों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। बच्चों की छुट्टियाँ हैं, जिसका लाभ इस फिल्म को मिल सकता है। अमिताभ बच्चन, जूही चावला और अमन सिद्दीकी इस फिल्म के प्रमुख कलाकार हैं। शाहरुख खान भी इस फिल्म में विशेष भूमिका निभा रहे हैं।
इस फिल्म का मुकाबला करेंगे जूनियर मिथुन यानी कि मिमोह चक्रवर्ती। मिमोह अपनी फिल्म ‘जिमी’ के प्रदर्शित होने की बाट अरसे से जोह रहे हैं। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस तारीख को उनकी यह फिल्म सिनेमाघरों का मुँह देख लेगी। रानी एनाकोन्डा (डब) और मैं हूँ किंगकांग (डब) भी इसी तारीख को प्रदर्शित होंगी।
'जिमी' की कहानी के लिए क्लिक करें
16 मई को इमरान हाशमी ‘जन्नत’ फिल्म में सोनल चौहान के साथ रोमांस करते हुए नजर आएँगे। इमरान ने लगातार फ्लॉप फिल्में दी हैं। यही हाल विशेष फिल्म्स का भी है। दोनों को इस फिल्म से आशाएँ हैं। क्रिकेट के दौरान होने वाली मैच फिक्सिंग पर इस फिल्म के जरिए प्रकाश डाला गया है। इमरान बुकी के रूप में दिखाई देंगे।
'जन्नत' की कहानी के लिए क्लिक करें
हॉलीवुड फिल्मों के शौकीन ‘नार्निया - द कैस्पियन’ का इंतजार कर रहे हैं जो इसी दिन प्रदर्शित होगी। इन दो बड़ी फिल्मों के बीच ‘मैदान-ए-जंग’ भी प्रदर्शित होगी।
मिमोह की फिल्म 9 मई को आ रही है तो उनके पिता मिथुन 23 मई को डॉन मुथुस्वामी के रूप में दिखाई देंगे। मिथुन की एक और फिल्म ‘जिंदगी तेरे नाम’ भी इसी दिन प्रदर्शित हो सकती है। इसमें मिथुन-रंजीता की हिट जोड़ी वर्षों बाद दिखाई देगी।
'डॉन मुथुस्वामी' की कहानी के लिए क्लिक करें
अनुपम खेर के बेटे सिकंदर खेर की पहली फिल्म ‘वुडस्टॉक विला’ भी इसी दिन प्रदर्शित होगी। इस फिल्म का निर्माण संजय गुप्ता, शोभा कपूर और संजय दत्त ने मिलकर किया है। सिकंदर के मुकद्दर का फैसला इसी फिल्म के जरिए होगा। रॉनी स्क्रूवाला की फिल्म ‘आमिर’, ‘हँसते-हँसते’, ‘धूम धड़ाका’, और ‘घटोत्कच’ के प्रदर्शन की घोषणा भी 23 मई को हुई है।
30 मई वाले शुक्रवार ‘मनी है तो हनी है’ दिखाई दे सकती है, जिसमें गोविंदा, हंसिका और सेलिना जेटली ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई हैं।
|