यशराज फिल्म्स द्वारा निर्मित ‘टशन’ से आम लोगों के साथ बॉलीवुड वालों को भी बेहद उम्मीदें थीं। सभी को लग रहा था कि ‘टशन’ एक मनोरंजक फिल्म होगी और बॉक्स ऑफिस पर पैसों की बरसात होगी। सिनेमाघर वालों को एक ऐसी फिल्म की तलाश थी जो लंबे समय तक सिनेमाघर में टिकी रहे, लेकिन ‘टशन’ ने सबको निराश कर दिया।
आदित्य चोपड़ा और मल्टीप्लैक्स मालिकों के बीच हिस्से के बँटवारे को लेकर बात नहीं बनी और फिल्म मल्टीप्लैक्स में प्रदर्शित नहीं हो सकी। आदित्य को अपनी फिल्म पर विश्वास था और उन्होंने ‘टशन’ को एकल सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया।
पहला शो देखकर निकले दर्शक ने फिल्म को बेहद खराब बताया और यह खबर तेजी से चारों ओर फैल गई। ज्यादातर शहरों में ‘टशन’ को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। एक प्रतिष्ठित बैनर और सुपर सितारों के साथ बनाई गई फिल्म प्रभावहीन साबित हुई।
18 अप्रैल को प्रदर्शित सारी फिल्में सलाखें, द अवेकनिंग, होप एण्ड ए लिटिल शुगर, एक बार मज़ा लीजिए, खंडाला हाउस, समुंदर का बादशाह (डब) बुरी तरह फ्लॉप हुईं। दर्शकों ने इन फिल्मों से दूर रहना ही उचित समझा। बमुश्किल इन फिल्मों ने किसी तरह एक सप्ताह पूरा किया। आँकड़ें इतने शर्मनाक थे कि कई सिनेमाघर वालों ने बताए ही नहीं।
‘यू मी और हम’ के कलैक्शन दूसरे सप्ताह में और नीचे आ गिरे। देश के 187 सिनेमाघरों के उपलब्ध आँकड़ों के मुताबिक इस फिल्म ने लगभग 3 करोड़ 55 लाख का व्यवसाय किया।
‘क्रेजी 4’ को भी दर्शकों ने नकार दिया। 188 सिनेमाघर के उपलब्ध आँकड़ों के मुताबिक इस फिल्म ने लगभग 2 करोड़ 45 लाख का व्यवसाय किया। ‘शौर्य’, ‘खुदा के लिए’ और ‘वन टू थ्री’ अपनी आखरी साँसें गिन रही हैं।
‘रेस’ के कलैक्शन में भी भारी गिरावट आई है। इस फिल्म ने पाँचवें सप्ताह में 111 सिनेमाघरों में लगभग 62 लाख का व्यवसाय किया।
टॉप फाइव फिल्म्स (18 से 24 अप्रैल 2008) 1) यू मी और हम (दूसरा सप्ताह) 2) क्रेजी 4 (दूसरा सप्ताह) 3) रेस (पाँचवां सप्ताह) 4) खुदा के लिए (तीसरा सप्ताह) 5) शौर्य (तीसरा सप्ताह)
|