कुछ वर्ष पहले बॉलीवुड के बड़े स्टार टीवी के छोटे परदे और उसमें काम करने वाले कलाकारों को हेय दृष्टि से देखते थे। टीवी पर दिखाई देना वे अपनी शान के खिलाफ समझते थे। उन्हें लगता था कि यदि टीवी पर उन्होंने कोई साक्षात्कार दिया या फिर किसी धारावाहिक में काम किया तो इससे उनकी प्रतिष्ठा में कमी आ जाएगी।
उस दौर में जो कलाकार फिल्मों में संघर्ष करने के बावजूद अपना कोई मकाम नहीं बना पाए थे, उन्हें टीवी पर काम मिल जाता था। शायद इसीलिए बड़े परदे के सितारे उनकी लाइन में खड़े नहीं होना चाहते थे।
फिल्मों में जब अमिताभ का करियर लगभग खत्म हो गया था और कर्ज के बोझ तले वे दबे हुए थे तब उन्हें ‘कौन बनेगा करोड़पति’ गेम शो के संचालन का प्रस्ताव मिला। अमिताभ को जो पैसा इसके बदले दिया जा रहा था तब उसकी कल्पना कोई टीवी कलाकार कर भी नहीं सकता था।
अमिताभ को पैसों की जरूरत थी और उन्होंने इस शो के लिए हाँ कह दी। उस समय अमिताभ के इस फैसले की आलोचना करने वालों में खुद उनकी पत्नी जया बच्चन भी शामिल थी। अमिताभ को सबको राजी करने में बहुत मशक्कत करना पड़ी।
‘कौन बनेगा करोड़पति’ ने सफलता का नया इतिहास लिख दिया। भारत के सबसे लोकप्रिय अभिनेता मुफ्त में सप्ताह में चार दिन आपके ड्राइंग रूम में आकर आपका मनोरंजन करें, इसकी कल्पना दर्शकों ने भी नहीं की थी।
इस शो की कामयाबी ने टीवी और अमिताभ दोनों की किस्मत बदल दी। टीवी के लिए काम कर इतना पैसा भी कमाया जा सकता है, ये पहले किसी ने सोचा नहीं था। इसके बाद टीवी और सिनेमा के बीच का अंतर कम हो गया।
फिल्मों में काम करने वाले कलाकार अपनी फिल्म के प्रदर्शित होने के पूर्व विभिन्न चैनल्स पर साक्षात्कार देते हुए या रियलिटी शो में भाग लेते हुए दिखाई देने लगे। इससे टीवी और सिनेमा दोनों की जरूरतें पूरी हुईं।
मनीषा कोइराला, मुकुल देव, गोविंदा, शाहरुख खान जैसे कलाकारों ने गेम शो का संचालन किया। अजय देवगन, काजोल, ईशा कोप्पिकर, जीतेन्द्र, उर्मिला मातोंडकर रियलिटी शो में जज की भूमिका में दिखाई दिए।
इन दिनों टीवी की दुनिया में इतना पैसा दिया जा रहा है कि बॉलीवुड के कलाकारों की आँखें चौंधियाने लगी हैं। कम समय में ज्यादा पैसा कमाने का यह जरिया उन्हें ट्वेंटी-20 क्रिकेट जैसा लग रहा है। फिल्म में काम करना टेस्ट मैच खेलने जैसा है, जिसमें खूब पसीना बहाना पड़ता है और परिणाम आने में देरी होती है।
शाहरुख खान ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का संचालन सफलतापूर्वक कर चुके हैं। टीवी से फिल्म और फिर टीवी का सफर शाहरुख ने बखूबी पूरा किया है। उनका नया शो ‘क्या आप पाँचवीं पास से तेज हैं?’ जल्दी ही शुरू होने वाला है। इस कार्यक्रम में उन्हें अकल्पनीय पैसा दिया गया है। कहते हैं कि इसकी कमाई से ही शाहरुख ने इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता टीम खरीदी है।
अक्षय कुमार ने सदैव टीवी से दूरी बनाए रखी, लेकिन जब उन्हें ‘फीयर फेक्टर’ के प्रति एपिसोड के बदले डेढ़ करोड़ रुपयों का ऑफर मिला तो वे अपने आपको रोक नहीं सके। सोनी टीवी पर सलमान खान का कार्यक्रम ‘पॉवर ऑफ टेन’ शुरू होने वाला है। यह कार्यक्रम अमेरिकी टीवी शो ‘द प्राइस इज़ राइट’ का देसी वर्जन है। इस कार्यक्रम के 100 एपिसोड्स में हिस्सा लेने के बदले सलमान खान को लगभग 100 करोड़ रुपए मिलेंगे। क्या सलमान वर्षभर फिल्मों में काम करने के बदले 100 करोड़ रुपए कमा सकते हैं?
पैसों की वजह से टीवी की दुनिया बॉलीवुड के सुपरस्टार्स को आकर्षित कर रही है। इस दुनिया में जोखिम नहीं के बराबर है। ये सितारे साल में एक फिल्म करना चाहते हैं ताकि उनकी लोकप्रियता बनी रहे और वे इसकी फसल लंबे समय तक काटते रहें।
|