इन दिनों टीवी चैनल्स, वेबसाइट्स और पत्र-पत्रिकाओं में करीना कपूर छाई हुई हैं। हर जगह करीना के चर्चे हैं। करीना ये बात अच्छी तरह जानती हैं कि वे चर्चा का केन्द्र अभिनय की वजह से नहीं बल्कि सैफ और उनके प्रेम संबंध की वजह से हैं। करीना इन क्षणों का भरपूर मजा ले रही हैं।
‘टशन’ में नया लुक 25 अप्रैल को करीना की फिल्म ‘टशन’ प्रदर्शित होने जा रही है। इसमें वे अपने वर्तमान बॉयफ्रेंड सैफ अली खान के साथ नजर आएँगी। ‘टशन’ के लिए करीना ने कठोर परिश्रम किया।
60 किलो से अपना वजन वे 49 किलो पर ले आईं ताकि छरहरी दिखाई दें। खाने-पीने की शौकीन करीना के लिए यह आसान नहीं था, लेकिन कठोर इच्छाशक्ति के जरिये करीना ने यह कर दिखाया।
योगासन और सूर्य नमस्कार से करीना को लाभ तो हुआ ही साथ में उन्होंने खाने-पीने पर भी नियंत्रण किया। करीना के मुताबिक ‘टशन’ फिल्म बहुत अच्छी बनी है और अब उन्हें दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
मौका मिला तो साथ करेंगे काम ‘जब वी मेट’ में शाहिद और करीना की जोड़ी बेहद पसंद की गई थी। इस फिल्म के प्रदर्शित होने के कुछ दिनों पूर्व ही दोनों का ब्रेकअप हुआ था। कई लोगों ने करीना को कहा कि शाहिद के साथ उनकी जोड़ी बहुत अच्छी लगी, लेकिन उन्हें दु:ख है कि भविष्य में दोनों के द्वारा साथ की गई फिल्म देखने को नहीं मिलेगी।
करीना का कहना है कि भविष्य में यदि उन्हें शाहिद के साथ कोई फिल्म ऑफर होती है और अगर उन्हें मनपसंद भूमिका और कहानी मिलती है तो वे फिल्म करने से इनकार नहीं करेंगी। भले ही शाहिद से उनका पहले जैसा रिश्ता नहीं रह गया है, लेकिन दोनों प्रोफेशनल कलाकार हैं।
‘जब वी मेट’ की सफलता का श्रेय करीना शाहिद को भी देती हैं क्योंकि शाहिद ने इस फिल्म की शूटिंग के दौरान करीना की काफी मदद की थी। बोनी कपूर की फिल्म ‘मिलेंगे-मिलेंगे’ में करीना और शाहिद साथ नजर आएँगे। इस फिल्म की शूटिंग वे वर्षों पूर्व निपटा चुके हैं। कई दिनों से अटकी हुई यह फिल्म कब प्रदर्शित होगी, इसका जवाब तो बोनी ही दे सकते हैं।
शादी अभी नहीं सैफ अली और करीना के रोमांस की रोजाना नई खबरें आती हैं और इस समय की वे सबसे चर्चित जोड़ी हैं। लोग दोनों के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानने के लिए उत्सुक हैं। सभी की जुबाँ पर प्रश्न है कि क्या दोनों शादी करेंगे? सैफ के परिवार ने खुलेआम कह दिया है कि उन्हें करीना बेहद पसंद हैं। सैफ के बच्चों से भी वे घुलमिल गई हैं।
करीना की मम्मी बबीता इस रिश्ते से नाराज हैं, लेकिन बहन करिश्मा और पिता रणधीर कपूर को इस रिश्ते से कोई एतराज नहीं है। सारा मामला करीना और सैफ पर आ टिकता है। करीना का मानना है कि वे फिलहाल अभिनय पर ध्यान देना चाहती हैं और इस समय वे और सैफ शादी के मूड में नहीं हैं।
|