राकेश रोशन ने ‘क्रेजी 4’ के संगीत को लेकर उठ रहे विवाद में पहली बार मुँह खोला है। उनके मुताबिक संगीतकार राम संपत ने उन्हें योजनाबद्ध तरीके से इस मामले में फँसाया।
राकेश के मुताबिक ‘मैंने टीवी पर वह विज्ञापन देखा था जिसमें रितिक डांस कर रहे हैं। हम उस संगीत का एक छोटा-सा हिस्सा ‘क्रेजी 4’ के एक गाने के लिए उपयोग करना चाहते थे। मैंने सोनी इरिक्सन से इसके लिए अनुरोध किया। उन्होंने मुझे 13 दिसम्बर 2007 को एक खत लिखा (जिसका फोटो दिया गया है) और इजाजत दे दी।
उनसे इजाजत मिलते ही मैंने अपनी फिल्म के लिए गाना रेकॉर्ड कर लिया। 24 मार्च के दिन उस समय मुझे आश्चर्य हुआ जब राम संपत का एक नोटिस मिला जिसमें उन्होंने उनकी धुन इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
मैंने फौरन सोनी इरिक्सन कंपनी से बात की तो उन्होंने कहा कि उन्होंने गलती से वो पत्र लिख दिया था, जबकि उस धुन पर उनका अधिकार नहीं है। इसके पहले कि मैं कुछ हल निकाल पाता संपत ने मुंबई हाई कोर्ट में मुकदमा दायर कर दिया। उन्होंने इस मसले पर मुझसे कोई बात नहीं की।
यह बात उल्लेखनीय है कि ‘क्रेजी 4’ का संगीत फरवरी 2008 में जारी हुआ था और सभी टीवी चैनलों पर इसके गाने दिखाए जा रहे थे। राम संपत ने उस दौरान चुप रहना बेहतर समझा और फिल्म के प्रदर्शित होने के ऐन पहले अदालत की शरण ली।
यह सब पैसे कमाने की एक सोची-समझी साजिश थी। मेरी फिल्म के प्रिंट्स पूरी दुनिया में पहुँच चुके थे। मैं अपने वितरकों से 11 अप्रैल को फिल्म प्रदर्शित करने का वादा भी कर चुका था।
मैं असहाय था और समझौते के अलावा मेरे पास कोई चारा नहीं था। मुझे फिल्म घोषित तिथि के दिन ही प्रदर्शित करना थी। राम संपत को पैसे देने के अलावा मेरे पास कोई रास्ता नहीं था।
मैं सभी निर्माताओं को आगाह करना चाहूँगा कि वे इस तरह के गलत लोगों से सावधान रहे।‘
|