यशराज फिल्म्स द्वारा निर्मित फिल्मों का संगीत हमेशा मधुर रहता है। संगीत प्रेमी फिल्म के साथ-साथ फिल्म के संगीत का भी बेसब्री से इंतजार करते हैं। ‘टशन’ का संगीत फिल्म की पूरी भावना को समेटे हुए हैं और यह पूरी तरह खास और मनोरंजक है।
अलबम की शुरुआत सुखविन्दरसिंह द्वारा गाए गीत ‘दिल हारा’ से होती है, जो तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह गीत सैफ अली खान और करीना कपूर पर फिल्माया गया है। गिटार की खनखनाहट, ढोल की सुरीली थाप और सुखविन्दर की आवाज की मधुरता के अनोखे मेल ने इस गाने को मधुर बना दिया है।
अगला गीत अलग-अलग सुरों से सजा है, जो चार प्रमुख कलाकारों- अक्षय कुमार, सैफ अली खान, करीना कपूर और अनिल कपूर पर फिल्माया गया है। ‘पूजा का टशन’ में करीना कपूर जोरदार और मनोरंजक अंदाज में पूजा की भावना को साकार करती है।
‘जिम्मी का टशन’ सैफ अली खान के जोश का बखान करता है। उसके जीवन की प्रमुख उपलब्धि कक्षा 5 से स्नातक तक अधिकतम गर्लफ्रेंड रखना है। उसका मुख्य मकसद जिंदादिली है। ‘बच्चन पांडे का टशन’ में देशी गैंगस्टर बने अक्षय कुमार की आवाज है, जिसका एकमात्र मकसद हत्यारा बनना है। ‘भईया जी के टशन’ अनिल कपूर पर फिल्माया गया है। उनके चरित्र की मुख्य महत्वाकांक्षा जार्ज बुश की तरह अंग्रेजी बोलना है।
‘छलिया’ को सुनिधि चौहान ने पीयूष मिश्रा के साथ सुरों से नवाजा है। यह सोलो गीत करीना पर फिल्माया गया है। सुनिधि की जादुई आवाज और पृष्ठभूमि में बजने वाले डिस्को जैसे ट्रैक से गीत सुनने लायक बन पड़ा है।
उदित नारायण, सुखविंदर सिंह और सुनिधि चौहान की आवाजों से सजे अगले गीत के बोल हैं- ‘दिल डांस मारे’, यह डांस के माध्यम से जीवन का जश्न मनाने के बारे में हैं। यह गीत लद्दाख में फिल्माया गया है। इसमें अरबी और भारतीय लोक संगीत का मेल है। अक्षय, सैफ और करीना पर यह गीत फिल्माया गया है।
‘फलक तक’ बेहद सुरीला और रोमांटिक है। उदित नारायण और महालक्ष्मी अय्यर की मधुर आवाजों के जादू ने इस रोमांटिक गीत को गजब का बना दिया है।
यह अलबम शीर्षक गीत ‘टशन में’ के साथ खत्म होता है। इसे विशाल और सलीम ने गाया है। यह गीत भारतीय शास्त्रीय और लोक संगीत के साथ रॉक और जैज़ की धुनों का असर लिए हुए आगे बढ़ता है।
इन गीतों को पियूष मिश्रा, अन्विता दत्त, विशाल और कौसर मुनीर ने लिखा है। विशाल-शेखर ने एक बार फिर उम्दा संगीत दिया है और निश्चित रूप से ‘टशन’ का संगीत लोगों के ऊपर जादू कर देगा।
|