एक अभिनेता के लिए शरीर ही उसकी दुकान होता है क्योंकि जब तक वह जवान और खूबसूरत दिखाई देता है तब तक फिल्म बाजार में उसका ऊँचा मोल लगता है। शायद इसीलिए फिल्मी कलाकार सफेद बाल या झुर्रियों से बेहद खौफ खाते हैं। एक सफेद बाल उनका मार्केट खराब कर सकता है।
वैसे आजकल ऐसे कई साधन आ गए हैं, जिनके जरिए आप लंबे समय तक जवान दिखाई दे सकते हैं। प्लास्टिक सर्जरी करवाकर चेहरे को संवारा जा सकता है। पहले के हीरो जवान दिखने की चाहत तो रखते थे, लेकिन शरीर को मजबूत बनाने की ओर उनका ध्यान कम रहता था।
पहलवानी से फिल्मों में आए दारासिंह को बी-ग्रेड की मारामारी की फिल्में मिलीं। उन्हें कभी भी ए-ग्रेड की फिल्मों के लायक नहीं समझा गया। धर्मेन्द्र ने फौलादी जिस्म के महत्व को बहुत पहले ही समझ लिया था और इसके बल पर उन्होंने कई एक्शन फिल्में की।
इन दिनों बॉलीवुड के नायक फौलादी शरीर को अत्यधिक महत्व देने लगे हैं। वे खास भूमिका के लिए पतले या मोटे होने लगे हैं। उन्हें अपने फौलादी शरीर का प्रदर्शन करने का भी शौक है, इसलिए आने वाले दिनों में कई एक्शन फिल्में देखने को मिलेगी।
आमिर खान आमिर खान हर चरित्र को पूरी तरह डूब कर निभाते हैं। ‘गजिनी’ नामक फिल्म के चरित्र के लिए मजबूत कद-काठी जरूरी थी। इसलिए आमिर ने सिक्स-पैक-एब्स बनाए। फिल्म की आधी शूटिंग के बाद आमिर ‘तारे जमीं पर’ में व्यस्त हो गए और थोड़े मोटे हो गए। जब आमिर ने ‘गजिनी’ की शूटिंग शुरू की तो उन्होंने फिर एक बार अपने शरीर को गठीला बनाया। ‘गजिनी’ में आमिर का नया रूप देखने को मिलेगा और इसके लिए उन्होंने अपने बाल भी कटवा लिए हैं।
सलमान खान सलमान खान शर्टलेस होने के मामले में बेहद उदार हैं। जहाँ मौका मिलता है वे अपनी शर्ट उतार देते हैं। जब शाहरुख और आमिर सिक्स-पैक-एब्स बना रहे हैं तो यह खान कैसे पीछे रहता। अपनी आने वाली फिल्म ‘वीर’ और ‘वांटेड’ के लिए सलमान जमकर मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने अपनी कमर की चौड़ाई पाँच इंच मात्र दस दिन में कम कर ली है। ‘वीर’ फिल्म के लिए वे विशेष रूप से अपना शरीर बना रहे हैं और कहा जा रहा है कि इसके लिए उन्होंने निर्माता से अतिरिक्त पैसे लिए हैं। उन्होंने शराब पीना छोड़ दिया है और डाइट चार्ट का सख्ती से पालन कर रहे हैं। सलमान का कहना है कि इन फिल्मों में उन्हें देखकर उनके प्रशंसक दंग रह जाएँगे।
शाहरुख खान शाहरुख ने शरीर को कम और अभिनय को ज्यादा महत्व दिया, लेकिन ‘ओम शांति ओम’ में शर्टलैस होने के लिए उन्होंने सिक्स-पैक-एब्स बनाए। उनके इस कदम से बॉलीवुड के कई अभिनेता प्रभावित हुए। इस समय शाहरुख अपनी फिटनेस को बनाए रखने के लिए जिम में जाते हैं।
विवेक ओबेरॉय दुबले-पतले विवेक ओबेरॉय के पास इस समय नहीं के बराबर फिल्में हैं। खाली वक्त का उन्होंने सदुपयोग करने का सोचा और जमाने की हवा को देखते हुए जिम जाना शुरू कर दिया है। इस समय विवेक का लुक बदला हुआ और उनके ‘बल्ले’ देखकर सभी को आश्चर्य होता है।
संजय दत्त संजय दत्त तो पुराने खिलाड़ी हैं। खान ब्रिगेड जहाँ 6-पैक-एब्स के फेर में है, वहीं संजू बाबा 8-पैक-एब्स वाला लुक चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने हॉलीवुड के फिटनेस ट्रेनर लॉरेंस को विशेष रूप से बुलाया है। पिछले दिनों उत्साहित होकर संजय ने जिम में कुछ ज्यादा ही मेहनत कर डाली थी, जिससे उनके मसल्स पर बुरा असर हुआ। परिणामस्वरूप संजय को डॉक्टर ने आराम की सलाह दे डाली।
सनी देओल सनी ने अपनी मजबूत कद-काठी का कई फिल्मों में प्रदर्शन किया है। पीठ की बीमारी के चलते वे मोटे हो गए हैं। निर्देशक नीरज पाठक सनी के पास जब अपनी फिल्म का प्रस्ताव लेकर पहुँचे तो उन्हें सनी बेहद मोटे लगे। उन्होंने एक महीने के अंदर सनी को दस किलो वजन कम करने को कहा है और सनी इन दिनों स्टुडियो में कम और जिम में ज्यादा मिलते हैं। फरदीन, डीनो, बॉबी जैसे कलाकार भी इन दिनों अपने आपको हष्ट-पुष्ट करने में जुटे हुए हैं।
नायिकाएँ भी कम नहीं जहाँ नायक मसल्स बनाने में लगे रहते हैं वहीं नायिकाओं में छरहरी और सेक्सी दिखने की होड़ लगी रहती है। सेक्सी दिखने के लिए वे सर्जरी करवाने से भी बाज नहीं आती है।
सुष्मिता सेन, शिल्पा शेट्टी, शेर्लिन चोपड़ा, माधुरी दीक्षित जैसी कई नायिकाओं के बारे में कहा जाता है कि उन्होंने अपनी सेक्स अपील को उभारने के लिए सर्जरी की सहायता ली है।
यदि नायिका को बिकनी पहनकर शूटिंग करनी हो तो वे दुबला होने के लिए खास जतन करती हैं। कई नायिकाओं का कहना है कि उनका शरीर सुंदर और सेक्सी है तो उसे प्रदर्शित करने में क्या बुराई है।
|