21 मार्च 1978 को जन्मीं रानी मुखर्जी आज अपने जीवन के 30 वर्ष पूर्ण कर रही हैं।
वर्तमान समय की श्रेष्ठ अभिनेत्रियों में गिनी जाने वाली रानी मुखर्जी ने अपना करियर ‘राजा की आएगी बारात’ नामक फिल्म से शुरू किया था। इस बी-ग्रेड की फिल्म ने औसत सफलता हासिल की थी।
साधारण से चेहरे वाली रानी की आवाज की कई लोगों ने आलोचना की। बी ग्रेड से ए ग्रेड की फिल्मों में रानी ने लंबी छलाँग लगाई और इसमें उनके भाग्य ने अहम भूमिका निभाई।
आमिर खान को लेकर विक्रम भट्ट ‘गुलाम’ फिल्म बना रहे थे। फिल्म में नायिका पूजा भट्ट थीं, लेकिन आमिर को पूजा मोटी नजर आ रही थीं। इस कारण पूजा फिल्म से बाहर हुईं और अंतिम समय में रानी को शामिल कर लिया गया।
उसी दौरान करण जौहर ‘कुछ कुछ होता है’ बना रहे थे। काजोल के अलावा उन्हें एक और नायिका चाहिए थी। उन्होंने कई नायिकाओं से बात की, लेकिन कोई भी काजोल से मुकाबला नहीं करना चाहती थी।
आखिरकार हारकर उन्होंने अधूरे मन से रानी को फिल्म में शामिल कर लिया। 1998 में ये दोनों फिल्में प्रदर्शित हुईं और जबरदस्त कामयाबी इन फिल्मों ने हासिल की। ‘कुछ कुछ होता है’ में काजोल के सामने रानी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ उम्दा अभिनय किया और दर्शकों के दिलो-दिमाग पर छा गईं।
साधारण नजर आने वाली रानी में सभी को खूबियाँ नजर आने लगीं। इन दो फिल्मों की कामयाबी के बाद रानी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक स्टार होने के साथ-साथ वे सशक्त अभिनेत्री भी हैं और यह बात उन्होंने कई फिल्मों में उम्दा अभिनय कर सिद्ध की। कई पुरस्कार उन्होंने अपने श्रेष्ठ अभिनय के लिए जीते।
शाहरुख और सलमान के साथ उनकी जोड़ी खूब जमी। बॉलीवुड के श्रेष्ठ निर्देशकों के साथ रानी ने काम किया। ‘ब्लैक’ में रानी ने अभिनय की नई ऊँचाइयों को स्पर्श किया और इस फिल्म पर वे ताउम्र गर्व कर सकती हैं। इस समय रानी कम और उम्दा फिल्म कर रही हैं।
चुनिए रानी की श्रेष्ठ फिल्म रानी को जन्मदिन की बधाई देने के साथ आप रानी की सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुनिए। आपकी मदद के लिए रानी की फिल्मोग्राफी का लिंक दिया जा रहा है।
रानी मुखर्जी की फिल्मोग्राफी के लिए क्लिक करें
|