प्रदर्शक, वितरक और दर्शक 21 मार्च को प्रदर्शित होने वाली फिल्म ‘रेस’ का इंतजार कर रहे हैं। 21 मार्च वाला सप्ताह वर्ष के श्रेष्ठ सप्ताह में से एक है क्योंकि इसमें ढेर सारी छुट्टियाँ हैं। इसका फायदा निश्चित रूप से ‘रेस’ फिल्म को मिलने वाला है।
‘जोधा अकबर’ के बाद कोई भी बड़ी और चर्चित फिल्म प्रदर्शित नहीं हुई है। दर्शक फिल्म देखना चाहते हैं, लेकिन इस समय ऐसी कोई भी फिल्म नहीं चल रही है जिसे देखने वे सिनेमाघर जाएँ।
अब्बास-मस्तान द्वारा निर्देशित ‘रेस’ स्टाइलिस्ट एक्शन फिल्म है, जिसमें रहस्य और रोमांच भी है। फिल्म के कलाकार भी आकर्षण का केन्द्र है, इसलिए माना जा रहा है कि इस फिल्म की ओपनिंग शानदार होगी। युवा वर्ग में इस फिल्म का अच्छा-खासा क्रेज़ है। 21 मार्च वाले सप्ताह में प्रदर्शित होने वाली ‘रेस’ एकमात्र बड़ी फिल्म है।
'रेस' की कहानी के लिए क्लिक करें
सुभाष घई द्वारा निर्देशित ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ को पसंद करने वाले दर्शकों की संख्या बेहद कम थी। घई ने यह फिल्म आत्मसंतुष्टि के लिए बनाई। इस फिल्म में ऐसे नाम भी नहीं थे कि दर्शक यह फिल्म देखने दौड़े चले आएँ। न ही घई के नाम में इतना दम बाकी रहा है। पहले सप्ताह में ही यह फिल्म ‘रेस’ हार गई है।
कई जगह दर्शकों की कमी के कारण इसके शो रद्द करना पड़े। इस फिल्म को न आम आदमी ने पसंद किया और न ही बुद्धिजीवी वर्ग ने। सुभाष घई को यह प्रयोग महँगा पड़ा।
इस फिल्म ने भारत के 154 सिनेमाघरों में उपलब्ध आँकड़ों के मुताबिक लगभग दो करोड़ रुपयों का व्यवसाय किया। बड़े शहरों में तो किसी तरह इस फिल्म ने पहला सप्ताह पूरा किया, लेकिन छोटे शहरों में इसे बीच सप्ताह से ही सिनेमाघरों से उतारना पड़ा।
'ब्लैक एंड व्हाइट' की समीक्षा के लिए क्लिक करें
इसके साथ प्रदर्शित हुई ‘कभी सोचा भी ना था’, ‘डॉन नं. 1’ और ‘10000 बी.सी.’ (डब) भी दर्शकों का दिल जीतने में नाकाम रही। ‘10000 बी.सी.’ ने अँग्रेजी भाषा में हिंदी के मुकाबले बेहतर व्यवसाय किया। ‘साजिश’ (डब) और ‘चन्द्रमुखी’ (डब) जैसी फिल्मों के कलैक्शन दूसरे सप्ताह में बेहद कम रहें।
‘जोधा अकबर’ मैदान में टिकी हुई है और कोई भी बड़ी फिल्म प्रदर्शित न होने का फायदा इस फिल्म को मिल रहा है। इस फिल्म को भारत के मुकाबले विदेश में अच्छी सफलता मिल रही है।
सप्ताह की टॉप फाइव फिल्म्स (7 से 14 मार्च 2008) 1) जोधा अकबर (चौथा सप्ताह) 2) ब्लैक एंड व्हाइट (पहला सप्ताह) 3) 10000 बी.सी. (डब) (पहला सप्ताह) 4) तारे जमीं पर (बारहवाँ सप्ताह) 5) डॉन नं. 1 (डब) (पहला सप्ताह)
|