1982 में निर्देशक राज एन. सिप्पी ने हॉलीवुड की फिल्म ‘सेवन ब्राइड्स फॉर सेवन ब्रदर्स’ पर आधारित हिंदी फिल्म ‘सत्ते पे सत्ता’ बनाई थी। सात भाइयों पर आधारित इस कहानी में अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी, रंजीता, शक्ति कपूर, सचिन जैसे कलाकारों ने काम किया था।
इसमें दिखाया गया था कि अव्यवस्थित जीवन जी रहे सात भाइयों की जिंदगी में बड़े भाई की पत्नी किस तरह बदलाव लाती है। सातों भाइयों के नाम सप्ताह के दिनों पर आधारित थे।
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की थी और आर.डी. बर्मन द्वारा संगीतबद्ध गीत ‘प्यार हमें किस मोड़ पे ले आया’ और ‘दुक्की पे दुक्की हो’ आज भी सुने जाते हैं।
राज सिप्पी द्वारा निर्देशित आखिरी फिल्म ‘ज़हरीला’ (2001) में प्रदर्शित हुई थी। उनकी दो फिल्में ‘जिमी’ और ‘हेमिल्टन पैलेस’ अधूरी पड़ी हैं। राज सिप्पी के दिमाग में अपनी इस फिल्म का रीमेक बनाने का विचार अरसे से है। चूँकि राज का निर्देशक के रूप में अच्छा समय नहीं चल रहा है, इसलिए आजकल के सितारे उनके साथ काम करने से कतरा रहे हैं।
खबर है कि जब संजय दत्त को राज के इस विचार के बारे में पता चला तो उन्होंने ‘सत्ते पे सत्ता’ के रीमेक में काम करने की इच्छा जाहिर की। अमिताभ वाली भूमिका को संजय दत्त निभाना चाहते हैं।
26 वर्ष पूर्व ‘सत्ते पे सत्ता’ जब प्रदर्शित हुई थी तब संजू ने इस फिल्म को देखा था और उन्हें यह फिल्म बेहद पसंद आई थी। अमिताभ वाली भूमिका निभाने की इच्छा तभी से उनके दिल में थी।
संजू की फिल्म से जुड़ने की पहल से राज बेहद रोमांचित हैं और वे अब तेजी से इस दिशा में काम कर रहे हैं। संजू और उन्होंने कई बार मुलाकातें भी की। जहाँ ‘सत्ते पे सत्ता’ में सात भाई नजर आए थे, वहीं इस बार चार भाइयों के साथ तीन बहनें नजर आएँगी।
राज आज के दौर के हिसाब से फिल्म में कुछ परिवर्तन करने वाले हैं, लेकिन फिल्म की मूल कहानी वही रहेगी। राज की इच्छा है कि हेमा मालिनी वाली भूमिका रानी मुखर्जी निभाएँ।
|