मुख्य पृष्ठ > मनोरंजन > बॉलीवुड > आलेख
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
परिवर्तन के दौर से गुजरते सुभाष घई
समय ताम्रकर
Subhash
IFM
एक जमाने में शो-मैन के नाम से पहचाने जाने वाले सुभाष घई इस समय अपने करियर के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। ‘यादें’ और ‘किसना’ की असफलता ने घई को बुरी तरह आहत किया और लगने लगा ‍कि सुभाष घई बदलते दौर के साथ तालमेल बैठाने में परेशानी महसूस कर रहे हैं।

एक समय ऐसा भी था कि घई की आने वाली फिल्म का दर्शक महीनों पहले बेसब्री से इंतजार करते थे, लेकिन अब वह गुजरे जमाने की बात हो गई है। 7 मार्च को सुभाष घई की ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ नामक फिल्म प्रदर्शित होने जा रही है और इस बात से कई लोग अंजान होंगे।

घई की पुरानी फिल्मों की तुलना में यह भिन्न है। इस फिल्म का बजट बेहद कम है। यह यथार्थवादी फिल्म है और इसमें बहुत बड़े स्टार काम नहीं कर रहे हैं। ‘हीरो’ फिल्म के बाद घई ने स्टार कलाकारों के साथ काम किया और लार्जर देन लाइफ फिल्में बनाईं।

उनकी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जरूर सफलता हासिल की, लेकिन वे कभी भी महान फिल्म नहीं दे पाए। ‘कर्मा’, ‘खलनायक’, ‘राम-लखन’ और ‘सौदागर’ जैसी फिल्मों में उन्होंने तमाशे को ज्यादा महत्व दिया।

सुभाष घई के मन में यह बात कहीं ना कहीं कचोट रही थी कि उन्होंने महान फिल्म नहीं बनाई है इसलिए उन्होंने ‘परदेस’ से अपनी फिल्म बनाने की शैली में परिवर्तन किए। उन्होंने आदित्य चोपड़ा और करण जौहरनुमा फिल्में बनाने की कोशिश की और बुरी तरह मात खाई।
‘किसना’ की असफलता से दु:खी होकर उन्होंने कुछ समय तक फिल्में नहीं बनाई। उनके बैनर तले दूसरों ने फिल्में निर्देशित कीं। धीरे-धीरे घई निराशा के चक्र से बाहर आए। उन्हें वरुण वरदान ने ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ फिल्म की कथा सुनाई, जो उन्हें बेहद पसंद आई।

घई चाहते थे कि इसका निर्देशन कोई दूसरा करें। उन्होंने कई निर्देशकों से बात की, लेकिन बात नहीं बनी। घई को उनकी क्षमताओं पर विश्वास नहीं था। उन्हें लग रहा था कि वे इस भावनात्मक कहानी से न्याय नहीं कर पाएँगे।

आखिरकार घई ने खुद चुनौती स्वीकार की और अपने स्वभाव के विपरीत फिल्म बनाई। इसे घई का साहस ही कहा जाएगा कि असफलता के दौर में उन्होंने एक कम बजट की फिल्म को नए कलाकार के साथ बनाया।

‘ब्लैक एंड व्हाइट’ की कहानी के लिए क्लिक करें

फिल्म की कहानी भी गंभीर है और इसमें आम जनता को पसंद आने वाला मसाला नहीं है। उन्होंने बेखौफ होकर बॉक्स ऑफिस के परिणाम की चिंता किए बिना अपनी आत्मसंतुष्टि के लिए ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ बनाई।

इस फिल्म के साथ ही उनकी एक और अन्य फिल्म ‘युवराज’ की शूटिंग भी चल रही है, जिसमें सलमान, कैटरीना, मिथुन जैसे सितारे हैं। ‘युवराज’ लार्जर देन लाइफ और बड़े बजट की फिल्म है।

Black & White
IFM
सुभाष घई ने जैकी श्रॉफ, मीनाक्षी शेषाद्रि, मनीषा कोइराला जैसे सितारे फिल्म उद्योग को दिए हैं। माधुरी के करियर को भी उन्होंने ही तराशा है। ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ के जरिए वे अनुराग सिन्हा नामक नया कलाकार पेश करने जा रहे हैं। घई के मुताबिक अनुराग में एक अच्छे कलाकार बनने के सारे गुण हैं।

घई की प्रतिष्ठा इस फिल्म के साथ दाँव पर लगी है। हो सकता है ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ उनके करियर को फिर से चटकदार रंगों से भर दे।
और भी
अभी भी लोकप्रिय हैं काजोल
मार्च में प्रदर्शित होने वाली फिल्में
‘जोधा अकबर’ पर प्रतिबंध : एक गलत निर्णय
मनीषा को शांति की तलाश
क्यों बनाई अजय ने ‘यू, मी और हम’?
‘जोधा अकबर’ की धीमी शुरुआत