शादी के बाद काजोल ने फिल्मों में काम करना कम कर परिवार की ओर ज्यादा ध्यान देना शुरू कर दिया। इस निर्णय का काजोल को कभी भी मलाल नहीं हुआ क्योंकि उन्होंने जिंदगी में हमेशा वही किया, जो उन्हें अच्छा लगा।
दिसम्बर 2001 में प्रदर्शित हुई ‘कभी खुशी कभी गम’ के बाद काजोल की ‘कल हो ना हो’ (2003), ‘फना’ (2006), ‘कभी अलविदा ना कहना’ (2006) तथा ‘ओम शांति ओम’ (2007) प्रदर्शित हुईं।
इनमें से ‘फना’ को छोड़ अन्य सभी फिल्मों में काजोल सिर्फ चंद सेकंड के लिए दिखाई दीं। मोटे तौर पर देखा जाए तो पिछले सात वर्षों में काजोल सिर्फ एक फिल्म में नजर आईं। इस दरमियान बॉलीवुड में कई नायिकाएँ आईं, लेकिन काजोल की लोकप्रियता में रत्तीभर भी कमी नहीं हुई। संभव है कि उनके प्रशसंकों की संख्या में बढ़ोतरी ही हुई होगी।
‘यू, मी और हम’ 11 अप्रैल को काजोल की ‘यू, मी और हम’ प्रदर्शित हो रही है। कई निर्देशकों के साथ काजोल ने काम किया है, लेकिन इस फिल्म को करते समय उनका अनुभव कुछ अलग था। उनके पति इस फिल्म के निर्देशक हैं और काजोल ने भी अजय का यह रूप पहली बार देखा। काजोल के मुताबिक अजय एक काबिल निर्देशक हैं। पूरी फिल्म उनके दिमाग में स्पष्ट थी। वे अपने कलाकारों से क्या चाहते हैं, इस बारे में वे विस्तार से बताते थे। उनका काम करने का तरीका अनोखा है।
डूबते अजय को काजोल का सहारा! काजोल के जीवन साथी अजय देवगन का करियर इन दिनों बुरे दौर से गुजर रहा है। बॉलीवुड में तो फुसफुसाहट होने लगी है कि अजय अपनी लोकप्रियता खो बैठे हैं। एक स्टार के रूप में उनमें पहले जैसी बात नहीं रह गई है।
अजय भी इस बात को अच्छी तरह समझते हैं कि बॉलीवुड में सफल व्यक्तियों की ही पूछपरख होती है। उनके करियर का पूरा दारोमदार ‘यू, मी और हम’ पर टिका है। इसमें वे अभिनेता और निर्देशक की दोहरी भूमिका निभा रहे हैं।
काजोल इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण हैं। काजोल के प्रशंसक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शायद काजोल के सहारे अजय अपनी डूबती नैया को बचा लें।
‘इडियट’ न करने की वजह राजकुमार हीरानी, आमिर खान को लेकर ‘इडियट’ बनाने जा रहे हैं। इस फिल्म में वे काजोल को लेना चाहते थे, लेकिन काजोल ने इस फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया है। एक निर्देशक के रूप में काजोल हीरानी का पूरा सम्मान करती हैं, लेकिन उन्हें अपनी भूमिका पसंद नहीं आई, इसलिए उन्होंने इस फिल्म को करने से मना कर दिया।
करण जौहर की फिल्म करण जौहर अपने लिए काजोल को भाग्यशाली मानते हैं। उनकी हमेशा कोशिश रहती है कि काजोल चंद सेकंड्स के लिए अपना चेहरा उनकी फिल्म में दिखा दें। उनका यह टोटका हमेशा कामयाब रहा है।
वे शाहरुख और काजोल को लेकर एक फिल्म की योजना बना रहे हैं। भले ही यह कहा जा रहा है कि काजोल और शाहरुख इस फिल्म में काम कर रहे हैं, लेकिन काजोल का कहना है कि अभी कुछ फाइनल नहीं हुआ है।
|