प्रेम के बिना बॉलीवुड की फिल्मों की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। इसलिए प्रेमरस से बॉलीवुड वाले कुछ ज्यादा ही सराबोर रहते हैं। समय-समय पर कई जोडि़यों का प्रेम चर्चित रहा है। कुछ ने अपने प्यार को विवाह में बदल लिया, कुछ बदनसीब रह गए। कुछ प्यार के एकांकी मार्ग पर चले। इस समय भी बॉलीवुड में कुछ हॉट कपल हैं जिनके प्यार के चर्चे हैं।
सैफ-करीना करीना कपूर के दिल में सैफ अमृता और रोजा से गुजरते हुए पहुँचे हैं। करीना के वे इतने दीवाने हैं कि उन्होंने अपने हाथ पर करीना का नाम गुदवा लिया है। करीना भी तितली की तरह ‘फूल’ बदलती रहती है। शाहिद कपूर से पहले केमिस्ट्री मिलाई और अब सेकंड हैंड आदमी से प्यार कर रही हैं। दोनों अपने प्यार का प्रदर्शन करने से जरा भी नहीं चूकते। हो सकता है कि इस वर्ष वे शादी कर लें।
सलमान-कैटरीना कैटरीना और सलमान अपने प्यार का बिलकुल प्रदर्शन नहीं करते। हाँ, थप्पड़ मारने की खबरें जरूर आती रहती हैं। सलमान हर वर्ष शादी करने का वादा माँ-बाप से करते हैं और दूसरे पल भूल जाते हैं। कैटरीना ने भी जब देखा कि सल्लू मियाँ इस मामले में गंभीर नहीं हैं तो उन्होंने भी फिल्मों में अपना मन लगा लिया। कैटरीना को लेकर सलमान में बेहद असुरक्षा की भावना है। उन्हें कैटरीना का अक्षय, जॉन या शाहिद के साथ काम करना पसंद नहीं है। कैटरीना को खुद पता नहीं है कि सलमान उनसे शादी करेंगे या उनका नाम भी सलमान की भूतपूर्व प्रेमिकाओं संगीता, सोमी, ऐश्वर्या की सूची में जुड़ जाएगा।
जॉन-बिपाशा प्रेम के मामले में जॉन और बिपाशा की जोड़ी काफी सीनियर हो गई है। पिछले वर्ष दोनों में थोड़ी खटपट हुई थी। बिपाशा ने सैफ को भाव देना शुरू कर दिया था, लेकिन जल्दी ही दोनों की गाड़ी फिर से पटरी पर आ गई। साथ में घूमने-फिरने, खाने-पीने वाले जॉन-बिपाशा बस शादी के नाम से घबराते हैं। दोनों करियर की दुहाई देते हैं, जबकि अब उनके करियर में कुछ खास होना बाकी नहीं है। वैसे पिछले दिनों यह खबर आई थी कि दोनों ने सगाई कर ली है, लेकिन शादी के लिए वे अभी भी एक-दूसरे को परख रहे हैं।
प्रीति-नेस नेस वाडिया को पसंद नहीं है कि उनके और प्रीति के संबंधों के बारे में कुछ कहा जाए, इसलिए प्रीति हमेशा उनको बचाती रहती हैं। दोनों एक-दूसरे को बेहद चाहते हैं और वक्त आने पर शादी भी करेंगे। नेस को क्रिकेट में रुचि है इसलिए प्रीति भी क्रिकेट की बारीकियाँ सीख रही हैं और उनके नाम पर तो बाकायदा एक टीम भी है। प्रीति और नेस प्यार के नाम पर भौंडे प्रदर्शन से दूर रहते हैं।
|