आशुतोष गोवारीकर ने जब ‘जोधा अकबर’ बनाने के बारे में सोचा तो उनके दिमाग में जोधा की भूमिका के लिए जिस अभिनेत्री का नाम दिमाग में आया, वो ऐश्वर्या राय थी। किसी सुंदर राजकुमारी की भूमिका के लिए ऐश्वर्या से बेहतर विकल्प और कोई हो ही नहीं सकता था।
हिचकिचाहट भरी हाँ आशुतोष ने जब ऐश्वर्या को इस बारे में बताया तो वह सोच में पड़ गई। उसे अपनी और एक निर्देशक के रूप में आशुतोष की क्षमताओं पर पूरा विश्वास था, लेकिन उसे लगा कि क्या लोग उसे जोधा की भूमिका में स्वीकार कर पाएँगे?
उस दौरान ऐश्वर्या ज्यादातर फिल्मों में आधुनिक युवती का किरदार निभा रही थी। ‘जोधा अकबर’ 16वीं सदी की कहानी थी। वह नहीं चाहती थी कि उसकी वजह से इतने बड़े बजट की फिल्म को कोई नुकसान पहुँचे। आशुतोष तो पूरी तैयारी के साथ आए थे और ऐश्वर्या को राजी करके ही माने।
आशुतोष ने ‘जोधा अकबर’ के बारे में गहन अध्ययन किया और जोधा के चरित्र के बारे में ऐश्वर्या को विस्तार से बताया ताकि उसे शूटिंग के समय किसी तरह की समस्या न हो।
जोधा बनना आसान नहीं ‘जोधा अकबर’ बीते जमाने की कहानी है इसलिए इस फिल्म के लिए ऐश्वर्या को विशेष मेहनत करना पड़ी। उसे भारी-भरकम कपड़े और गहने पहनना पड़े। शूटिंग के समय ऐश्वर्या इन कपड़ों में परेशान हो गई थी, लेकिन तनाव को उसने चेहरे से व्यक्त नहीं होने दिया। उसे आश्चर्य हुआ कि उस जमाने में महिलाएँ कैसे इस तरह के कपड़े पहन लेती थी? उसका मेकअप भी उस दौर को ध्यान में रखकर किया गया।
जोधाबाई के चरित्र को परदे पर साकार करने के लिए उसे घुड़सवारी और तलवारबाजी भी करना पड़ी। इन दोनों विधाओं में ऐश्वर्या पारंगत नहीं है। वह प्रशिक्षण लेना चाहती थी, लेकिन समय नहीं होने के कारण ऐसा नहीं कर पाई। शूटिंग के दौरान ही उसने सब कुछ सीखा।
तलवारबाजी करने में उसे खासा मजा आया। जिस दिन उस पर घुड़सवारी का शॉट फिल्माया जाना होता, उस दिन वह सेट पर थोड़ा पहले पहुँच जाती थी, ताकि घोड़ों से पहचान कर सकें। ‘जोधा अकबर’ की शूटिंग और जोधा का पात्र निभाना ऐश के लिए एक नया और अनोखा अनुभव रहा।
रितिक से अनबन नहीं यह फिल्म ऐश्वर्या के शादी के पूर्व शुरू हुई थी और शादी के बाद भी ऐश्वर्या ने इसमें काम किया। शादी के पहले ऐश्वर्या के रितिक से मधुर संबंध थे, लेकिन शादी के बाद संबंधों में पहले जैसी बात नहीं रह गई।
ऐश्वर्या इससे इंकार करती है। उसका कहना है कि ऐसी अफवाह कुछ लोगों की सोच का नतीजा है। उसका तो मानना है कि जिस तरह ‘धूम 2’ में रितिक और उसकी जोड़ी को पसंद किया गया था, उसी तरह ‘जोधा अकबर’ में भी उनकी जोड़ी दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब होगी।
|