‘संडे’ एकमात्र बड़ी फिल्म थी, जो 25 जनवरी को प्रदर्शित हुई। फिल्म में बड़े सितारे हैं। कॉमेडी है। रोमांच है। इसके बावजूद फिल्म की शुरुआत कमजोर हुई। शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के कारण फिल्म के कलेक्शन बढ़े, लेकिन सोमवार से फिर इनमें गिरावट आ गई।
यह अजय देवगन के लिए बहुत बड़ा झटका है। इसी महीने प्रदर्शित उनकी एक और फिल्म ‘हल्ला बोल’ पिट चुकी है। लगता है अजय बतौर नायक अपनी लोकप्रियता खोते जा रहे हैं।
‘रैम्बो 4’ का अँग्रेजी के साथ-साथ हिंदी संस्करण भी प्रदर्शित हुआ, लेकिन इस फिल्म को दर्शकों ने पसंद नहीं किया। सिल्वेस्टर स्टेलोन अभिनीत और निर्देशित इस फिल्म के पहले शो से ही सिनेमाघरों में खाली कुर्सियों की संख्या दर्शकों से ज्यादा थी।
18 जनवरी को प्रदर्शित फिल्म ‘बॉम्बे टू बैंकॉक’ तो पहले शो से ही फ्लॉप घोषित हो चुकी थी। सिनेमाघरों में इस फिल्म ने बमुश्किल किसी तरह पहला सप्ताह पूरा किया। देशभर के सवा सौ सिनेमाघरों के उपलब्ध आँकड़ों के अनुसार इस फिल्म ने लगभग एक करोड़ बीस लाख रुपए का व्यवसाय किया, जो अत्यंत कम है।
इसी के साथ प्रदर्शित ‘तुलसी’, ‘मेरी ताकत’ (डब) और ‘अनुरानन’ (डब) कुछ शहरों में प्रदर्शित हुईं और कोई कमाल नहीं दिखा सकीं। ‘हल्ला बोल’ के कलेक्शन दूसरे सप्ताह में धड़ाम से नीचे आ गिरे। देश के किसी भी हिस्से में इस फिल्म को पसंद नहीं किया गया। ‘तारे जमीं पर’ को देश के कई हिस्सों में करमुक्त कर दिया गया है और इसका लाभ फिल्म को मिल रहा है। पाँचवें सप्ताह में भी यह फिल्म दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है।
सप्ताह की टॉप फाइव फिल्म्स (18 से 24 जनवरी 2008) 1) तारे जमीं पर (पाँचवाँ सप्ताह) 2) हल्ला बोल (दूसरा सप्ताह) 3) बॉम्बे टू बैंकॉक (पहला सप्ताह) 4) वेलकम (पाँचवाँ सप्ताह) 5) ओम शांति ओम (ग्यारहवाँ सप्ताह)
|