11 जनवरी को प्रदर्शित दोनों फिल्म ‘हल्ला बोल’ और ‘माय नेम इज़ एंथोनी गोंज़ाल्विस’ ने टिकट खिड़की पर बहुत ही धीमी शुरुआत की है। एंथोनी का मामला तो फिर भी समझ में आता है, क्योंकि उसमें हीरो के रूप में नया चेहरा है, लेकिन ‘हल्ला बोल’ से संतोषी, अजय देवगन और विद्या बालन जैसे नाम जुड़े हैं।
सनी के बाद अजय से जुड़े राजकुमार संतोषी से लगता है सफलता रूठ गई है। इस जोड़ी ने मिलकर कई फ्लॉप फिल्में दी हैं। बॉलीवुड वाले इस फिल्म से उम्मीद लगाकर बैठे थे। इस फिल्म की कमजोर शुरुआत से संतोषी को तगड़ा झटका लगा है। वर्ष के पहले सप्ताह को फिल्म निर्माता अपशकुनी मानते हैं। उनका यह अंधविश्वास और मजबूत हो जाएगा, क्योंकि पहले सप्ताह में प्रदर्शित ‘फिर तौबा तौबा’, ‘मंथन : एक कशमकश’, ‘हमने जीना सीख लिया’, ‘द गोल्डन कम्पॉस’, ‘हैदराबादी बकरा : हंगामा इन दुबई’, ‘खूँखार योद्धा’ जैसी तमाम फिल्में देखने बहुत कम दर्शक सिनेमाघरों में आएँ।
भट्ट बंधुओं द्वारा बनाई गई ‘शोबिज़’ की गिनती सुपर फ्लॉप फिल्मों में होगी। बमुश्किल यह फिल्म पहले सप्ताह में चल पाई और जहाँ दूसरे सप्ताह में दिखाई जा रही थी वहाँ से भी अब हटा ली गई है। ‘रिटर्न ऑफ हनुमान’ भी बॉक्स ऑफिस पर कमजोर साबित हुई।
आमिर खान की फिल्म ‘तारे जमीं पर’ की प्रशंसा हो रही है और इसका लाभ फिल्म को मिल रहा है। बड़े शहरों में खासतौर पर मल्टीप्लैक्स में इस फिल्म को बेहद पसंद किया जा रहा है और फिल्म अच्छा व्यवसाय कर रही है।
‘वेलकम’ के कलेक्शन में गिरावट जरूर है, लेकिन ज्यादा नहीं। अक्षय कुमार की इस कॉमेडी फिल्म को भी दर्शक पसंद कर रहे हैं। ज्यादातर नई फिल्में कमजोर साबित हो रही हैं और इसका सीधा-सीधा लाभ ‘तारे जमीं पर’ और ‘वेलकम’ को मिल रहा है।
सप्ताह की टॉप फाइव फिल्म्स (4 से 10 जनवरी 2008) 1) तारे जमीं पर (तीसरा सप्ताह) 2) वेलकम (दूसरा सप्ताह) 3) द गोल्डन कम्पॉस (डब) (पहला सप्ताह) 4) आजा नच ले (छठा सप्ताह) 5) ओम शांति ओम (ग्यारहवाँ सप्ताह)
|