बॉलीवुड के सुपर स्टार्स में से एक रितिक रोशन आज 34 वर्ष के हो गए हैं। रितिक जिंदगी को साधारण तरीके से जीना पसंद करते हैं और वे चुपचाप अपने परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाएँगे।
उनके घर पर आज पूजा और हवन का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें रितिक सहित पूरा रोशन परिवार मौजूद रहेगा। इसके अलावा रितिक ने जन्मदिन मनाने की कोई खास योजना नहीं बनाई है। शाम को वे अपनी पत्नी और बेटे के साथ डिनर के लिए जाएँगे।
प्रचार-प्रसार से दूर रहकर रितिक चुपचाप अपना काम करना पसंद करते हैं। उनकी छवि अच्छे अभिनेता के साथ-साथ अच्छे इनसान की भी है। उनकी इसी खूबी के कारण प्रशंसक उन्हें बेहद पसंद करते हैं।
इस समय रितिक अपने घुटने की चोट से उबर रहे हैं और उनका सारा ध्यान 15 फरवरी को प्रदर्शित होने वाली फिल्म ‘जोधा अकबर’ पर है। इस फिल्म का प्रचार जोर-शोर से शुरू होने वाला है और इसमें रितिक भी हिस्सा लेंगे। पिछले वर्ष रितिक की कोई फिल्म प्रदर्शित नहीं हुई थी और इस वर्ष उनकी यह एकमात्र फिल्म प्रदर्शित होगी।
रितिक को ढेर सारी फिल्मों के प्रस्ताव मिलते हैं और उनका अधिकांश समय पटकथाओं को पढ़ने में जाता है। फिल्म चुनने के मामले में वे बेहद कंजूस हैं और उन्हीं फिल्मों में काम करना पसंद करते हैं, जिसकी पटकथा उन्हें पसंद आए। पिछले आठ वर्षों में उन्होंने लगभग पन्द्रह फिल्मों में काम किया है।
‘कहो ना प्यार है’ की कामयाबी के बाद रितिक ने कुछ गलत फिल्में साइन कर ली थीं, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। इसके बाद उन्होंने सिद्धांत बना लिया कि वे केवल उन फिल्मों में काम करेंगे, जिनकी कहानी उन्हें पसंद हो।
रितिक का कहना है कि जब कहानी उन्हें पसंद नहीं है तो दर्शकों को कैसे पसंद आ सकती है। सुपर हीरो की इमेज में कैद रितिक से दर्शकों की उम्मीदें बहुत ज्यादा हैं।
‘जोधा अकबर’ के बारे में रितिक का कहना है- यह एक बेहतरीन फिल्म है और इस फिल्म पर सभी ने बहुत मेहनत की है। इस फिल्म की शूटिंग ने मुझे पूरी तरह निचोड़ डाला है। रितिक को श्याम बेनेगल ने अपनी महँगे बजट में बनने वाली फिल्म में गौतम बुद्ध की भूमिका का प्रस्ताव दिया है, लेकिन रितिक ने अभी कोई जवाब नहीं दिया है।
इसके अलावा राकेश रोशन भी एक फिल्म की पटकथा लिख रहे हैं, लेकिन अभी तक वे संतुष्ट नहीं हैं, इसलिए उनकी फिल्म को शुरू होने में समय है। रितिक को लेकर अनुराग बसु एक फिल्म शुरू करने वाले हैं।
|