21 दिसम्बर वाला सप्ताह बॉलीवुड के लिए बेहतरीन रहा। ईद और क्रिसमस की छुट्टियों को देखते हुए इस सप्ताह में ‘वेलकम’ और ‘तारे जमीं पर’ जैसी फिल्में प्रदर्शित हुईं।
‘वेलकम’ का दर्शकों ने जबरदस्त वेलकम किया। फिल्म समीक्षकों ने फिल्म की सराहना भले ही न की हो, लेकिन दर्शकों ने पहले सप्ताह में फिल्म को बेहद पसंद किया। कई जगह इस फिल्म ने ‘ओम शांति ओम’ के कीर्तिमान को भंग किया।
इस फिल्म को पहले सप्ताह में मिली जबरदस्त सफलता ने अक्षय कुमार के कद को और ऊँचा कर दिया है। बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे शहरों में भी फिल्म ने शानदार सफलता हासिल की। विदेश में बसे भारतीय दर्शकों ने भी इस फिल्म को खूब पसंद किया।
‘तारे जमीं पर’ की समीक्षकों ने बेहद सराहना की, लेकिन इस फिल्म को मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में ज्यादा पसंद किया गया। राजस्थान, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में इस फिल्म को देखने के लिए अपेक्षा से कम भीड़ जुटी।
मल्टीप्लेक्स के दर्शकों को यह फिल्म बेहद अच्छी लगी और कई जगह फिल्म के कलेक्शन में बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह आश्चर्य की बात है कि भारत के बाहर इस फिल्म को कोई खास सफलता नहीं मिली। संभव है कि वहाँ पर फिल्म धीरे-धीरे आगे बढ़े। भले ही आमिर की इस फिल्म को छोटे शहरों में ज्यादा पसंद नहीं किया जा रहा हो, लेकिन यह फिल्म बड़े शहरों से जबरदस्त आय अर्जित करेगी।
28 दिसम्बर को प्रदर्शित दोनों फिल्मों के हाल बेहद बुरे रहे। मुकेश भट्ट की ‘शोबिज’ तो पहले दिन ही सुपरफ्लॉप साबित हुई। कई शहरों में इस फिल्म का पहला शो दर्शकों के अभाव के कारण रद्द करना पड़ा। आशा है कि भट्ट बंधु इस असफलता से सबक सीखेंगे।
‘रिटर्न ऑफ हनुमान’ को भी पहले दिन से ही दर्शकों का प्यार नहीं मिला। उम्मीद की जा रही थी कि इसे ‘हनुमान’ जैसी सफलता मिलेगी, लेकिन देवताओं को अंग्रेजी के शब्द बोलते देखना दर्शकों को रास नहीं आया।
सप्ताह की टॉप फाइव फिल्म्स (21 से 27 दिसम्बर 2007) 1) वेलकम (पहला सप्ताह) 2) तारे जमीं पर (पहला सप्ताह) 3) ओम शांति ओम (सातवाँ सप्ताह) 4) जब वी मेट (नौवाँ सप्ताह) 5) आजा नच ले (चौथा सप्ताह)
|