तमाम अनुमानों के विपरीत हिमेश रेशमिया अभिनीत फिल्म ‘आपका सुरूर’ ने बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी हासिल की थी। हिमेश के प्रशंसकों ने इस फिल्म को पसंद किया और इससे उनकी लोकप्रियता भी साबित हुई। अब हिमेश नायक के रूप में व्यस्त होने जा रहे हैं।
29 नवंबर को 45 मिनट के भीतर उनकी तीन फिल्मों के मुहूर्त सम्पन्न हुए। न्यूमरोलॉजी में विश्वास रखने वाले हिमेश 29 की संख्या को अपने लिए बेहद भाग्यशाली मानते हैं। ‘आपका सुरुर’ भी इसी तारीख को प्रदर्शित हुई थी। उन्होंने ‘कर्ज’ फिल्म की स्पैलिंग भी न्यूमरोलॉजी के आधार पर ही तय की है।
टी सीरिज द्वारा निर्मित ‘कर्ज’ (निर्देशक सतीश कौशिक), ‘कजरारे’ (निर्देशक पूजा भट्ट) तथा ‘ए लव स्टोरी’ (निर्देशक जॉन मैथ्यू) की फिल्मों में वे नायक की भूमिका निभाने जा रहे हैं। टी सीरिज को हिमेश पर काफी भरोसा है।
सबसे पहले ‘कर्ज’ शुरू होने जा रही है। टी सीरिज ने मुक्ता आर्ट से ‘कर्ज’ के रीमेक के अधिकार खरीद लिए हैं। ऋषि कपूर, टीना मुनीम और प्रेमनाथ द्वारा अभिनीत ‘कर्ज’ को सुभाष घई ने निर्देशित किया था। इस फिल्म का संगीत आज भी बड़े चाव से सुना जाता है। पुनर्जन्म पर आधारित यह फिल्म उस दौर में काफी पसंद की गई थी।
‘कर्ज’ के रीमेक में हिमेश के साथ-साथ उर्मिला मातोंडकर, गुलशन ग्रोवर, डैनी और रोहिणी हट्टंगडी नजर आएँगे। हिमेश इस फिल्म में अभिनय के साथ-साथ गायन और संगीत का जिम्मा भी उठाएँगे।
हिमेश ऋषि कपूर वाला किरदार निभाएँगे। सबसे खास बात यह है कि हिमेश फिल्म में टोपी के बिना नजर आएँगे। टोपी हिमेश की पहचान बन चुकी है और ‘आपका सुरूर’ में भी कुछ पल को छोड़कर वे टोपी में ही नजर आए थे।
फिल्म की शूटिंग जनवरी के मध्य में शुरू होगी। इस फिल्म को दक्षिण अफ्रीका, केन्या और मुंबई में फिल्माया जाएगा।
|