मुख्य पृष्ठ > मनोरंजन > बॉलीवुड > आलेख
सुझाव/प्रतिक्रिया मित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
दिसम्बर में प्रदर्शित होने वाली फिल्में
समय ताम्रकर
दिसम्बर में मौसम ठंडा रहता है, लेकिन इस महीने बॉक्स ऑफिस पर गरमाहट रहने की संभावना है। इस दिसम्बर में कुछ अच्छी फिल्में प्रदर्शित हो रही हैं। 21 दिसम्बर को तो त्रिकोणीय मुकाबला है।

Dus Kahaniyan
PR
7 दिसम्बर को संजय गुप्ता की फिल्म ‘दस कहानियाँ’ प्रदर्शित हो रही है। नवंबर में प्रदर्शित होने वाली इस‍ फिल्म को अब दिसम्बर में प्रदर्शित किया जा रहा है। इस फिल्म में दस छोटी-छोटी कहानियाँ दिखाई जाएँगी, जिन्हें अलग-अलग निर्देशकों ने निर्देशित किया है।

नाना पाटेकर, संजय दत्त, नेहा धूपिया, सुनील शेट्टी, डीनो मारिया, नसीरूद्दीन शाह और शबाना आजमी जैसे कई कलाकार इन कहानियों में नजर आएँगे। पहले भी कुछ फिल्में बनी हैं जिनमें छोटी-छोटी कहानियाँ थीं, लेकिन यह प्रयोग खास सफल नहीं रहा। उम्मीद है इस बार ऐसा नहीं होगा।

इसी दिन सुधीर मिश्रा की फिल्म ‘खोया-खोया चाँद’ भी देखने को मिलेगी। यह फिल्म अरसे से बनकर तैयार है। शाइनी आहूजा और सोहा अली खान ने इस फिल्म में प्रमुख भूमिकाएँ निभाई हैं। ‘ओम शांति ओम’ में जहाँ बॉलीवुड का सत्तर का दशक देखने को मिला था, वहीं इस फिल्म में पचास और साठ का दशक नजर आएगा। कहा जा रहा है कि इस फिल्म की कहानी गुरुदत्त की प्रेम कहानी पर आधारित है।

Neha
IFM
14 दिसंबर को प्रदर्शित होगी ‘रामा रामा क्या है ड्रामा’। इस फिल्म का पहले नाम था ‘कुछ लव कुछ ड्रामा’। चंद्रकांत सिंह द्वारा निर्देशित इस फिल्म में नेहा धूपिया, राजपाल यादव, अमृता अरोरा, आशीष चौधरी जैसे बी-ग्रेड के कलाकार नजर आएँगे।

सुभाष घई छोटे बजट की ‘राहुल’, ‘इकबाल’ जैसी फिल्में अक्सर बनाते रहते हैं। घई के मुक्ता सर्चलाइट फिल्म्स के बैनर तले निर्मित ‘बॉम्बे टू बैंकॉक’ 14 दिसम्बर को देखने को मिलेगी। नागेश कुकुनूर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में श्रेयस तलपदे और लीना ने अभिनय किया है।

आनंद एल राय द्वारा निर्देशित फिल्म ‘स्ट्रेंजर्स’ भी 14 तारीख को ही सिनेमाघरों में आएगी। पहले यह फिल्म 7 को प्रदर्शित हो रही थी, लेकिन इसे एक सप्ताह बढ़ा दिया गया है। इस फिल्म में केके मेनन, जिमी शेरगिल, नंदना सेन और सोनाली कुलकर्णी हैं। सुना है कि इस फिल्म में नंदना के बोल्ड दृश्य के अलावा सोनाली ने भी सेमी न्यूड सीन दिया है। ‘तौबा-तौबा’ का सीक्वल ‘फिर तौबा-तौबा’ भी इस दिन दिखाई दे सकता है।

Aamir
PR
क्रिसमस और नए वर्ष पर भी अब बॉलीवुड वालों का ध्यान जाने लगा है। छुट्टियाँ होने के कारण दर्शक फिल्म देखने आ सकते हैं। 21 दिसंबर को क्रिसमस वाले सप्ताह में बड़ी फिल्मों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने जा रहा है। आमिर खान द्वारा निर्देशित पहली फिल्म ‘तारे ज़मीन पर’ एक बच्चे पर आधारित है। इस फिल्म का आमिर के प्रशंसक बैचेनी से इंतजार कर रहे हैं। क्रिसमस की छुट्टियाँ होने के कारण इस फिल्म को बच्चों का प्यार मिल सकता है।

राजकुमार संतोषी भी अपनी फिल्म ‘हल्ला बोल’ लेकर ‘तारे ज़मीन पर’ और ‘वेलकम’ से टक्कर लेने आ रहे हैं। अरसे से बनकर तैयार इस फिल्म में अजय देवगन और विद्या बालन ने प्रमुख भूमिकाएँ निभाई हैं। संतोषी की फिल्म संदेश प्रधान होती है और ‘हल्ला बोल’ से भी इसी तरह की उम्मीद है। यह फिल्म संतोषी के लिए बेहद अहम है, क्योंकि उनकी पिछली कई फिल्मों ने कोई कमाल नहीं दिखाया है। अजय देवगन को भी हिट फिल्म की सख्त जरूरत है।

Welcome
IFM
फिरोज नाडियाडवाला द्वारा निर्मित और अनीस बज्मी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘वेलकम’ बॉलीवुड में हॉट फिल्म मानी जा ही रही है। यह फिल्म भी 21 को आ रही है। अक्षय कुमार किसी खान से कम नहीं है और उनकी फिल्में भी आरंभिक दिनों में सिनेमाघरों में अच्छी भीड़ जुटाती है। इस फिल्म में अक्षय के अलावा नाना पाटेकर, कैटरीना कैफ, मल्लिका शेरावत, अनिल कपूर और परेश रावल भी हैं। फिल्म के प्रोमो ने लोगों की दिलचस्पी इस फिल्म में जगा दी है।

21 दिसंबर को तीन फिल्म प्रदर्शित होने के कारण वर्ष 2007 के आखरी सप्ताह यानी की 28 दिसंबर को कोई बड़ी फिल्म प्रदर्शित नहीं हो रही है। संभवत: ‘हनुमान ‘हनुमान रिटर्न’ प्रदर्शित हो।
और भी
क्या लारा और केली का पुनर्मिलन होगा?
‘गोल’ की धीमी शुरूआत
माधुरी महान कलाकार हैं : अनिल मेहता
‍िद मेकिंग ऑफ ‘ओम शांति ओम’
क्या शाहरुख का मैच देखना गलत है?
मल्लिका की मौज