गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. पर्यटन
  4. »
  5. मध्यप्रदेश
  6. मांडू : छुट्टियां बिताने का आदर्श स्थान
Written By WD

मांडू : छुट्टियां बिताने का आदर्श स्थान

Mandu | मांडू : छुट्टियां बिताने का आदर्श स्थान
मांडू मालवा के परमारों द्वारा शासित रहा है। विंध्याचल की खूबसूरत पर्वतमालाओं के बीच 2000 फीट की ऊंचाई पर बसा मांडू मुगलों को बेहद पसंद था इसलिए इसका नाम उन्होंने शादियाबाद रखा जिसका अर्थ होता है आनंद नगरी। सचमुच मांडू इस नाम को साकार करता है।

यहां के पग-पग पर बिखरे नैसर्गिक सौंदर्य को देखकर आपका मन आनंदित हो उठेगा।

मांडू में पत्थर बोलते हैं और बरसों पुरानी प्रेम कहानी को बयां करते हैं। इमारतें जो बाज बहादुर ने रानी रूपमती के प्रेम तोहफे के रूप में बनवाई थीं। आज भी ये पत्थर उसी दास्तान को दोहराते हैं।

पूर्व के शासकों ने जो इमारतें बनवाई हैं वे प्रकृति के सौंदर्य के साथ इस तरह एकाकार हो चुकी हैं कि उनके बिना मांडू अधूरा ही रहता।

आगे पढ़ें शेष जानकारी :-

FILE


जहाज महल, हिंडोला महल, रानी रूपमती का महल सब कुछ असीम शांति लिए हुए है। यहां रहस्यमयी सौंदर्य और स्थापत्य के दर्शन करते हुए आप कहीं खो जाते हैं और अपने आपको एक अनोखी दुनिया में पाते हैं। मांडू आकर किसी प्राचीन नगर को रूबरू देखने का अहसास होता है।

स्थापत्य के नजरिए से देखें तो यहां की जामा मस्जिद और होशंगशाह का मकबरा ताज महल बनाने वालों के लिए प्रेरणादायी बना। रूपमती के महल से बाज बहादुर के महल का नजारा दिखाई देता है तो आपको लगता है आप उसी काल में हैं। रूपमती के महल से हरी-भरी घाटियां और नर्मदा की पतली चांदी जैसी रेखा देखना गजब का रहस्य पैदा करता है। यही कारण है कि मुगलों के समय में मांडू छुट्टियां बिताने का आदर्श स्थान रहा।

मांडू के आस-पास 45 किमी. के परकोटे में 12 दरवाजे हैं। शहर के अंदर जाने के लिए दिल्ली दरवाजे से जाना पड़ता है। इसके बाद तो दरवाजों की श्रृंखला है..आलमगीर दरवाजा, भंगी दरवाजा, रामपोल दरवाजा, जहांगीर दरवाजा, तारापुर दरवाजा और भी बहुत से दरवाजे हैं। इन सभी की बनावट बेहतरीन कला का नमूना है।

FILE


रेवा कुंड
इसे रूपमती के महल में पानी पहुंचाने के लिए बनाया गया था। अब यह एक पवित्र स्थान के रूप में जाना जाता है। छठवीं शताब्दी में बनवाया गया यह महल बड़े-बड़े गलियारों, कक्षों और ऊंची छतों के कारण भव्य लगता है। यहां से पूरे मांडू का विहंगम दृश्य देखा जा सकता है।

रूपमती झरोखा -
यह सैनिकों के लिए पूरे क्षेत्र पर निगाह रखने के लिए बनाया गया था। इस भव्य इमारत से बाज बहादुर के महल और निमाड़ के मैदान में बह रही नर्मदा नदी के दर्शन किए जा सकते हैं। कहा जाता है कि रानी के प्रतिदिन नर्मदा दर्शन के पश्चात अन्न-जल ग्रहण करने की आदत के कारण बाज बहादुर ने यह ऊंचा महल बनवाया था।

FILE


मांडू के महल जानिए :- शाही जहाज महल
दो कृत्रिम तालाबों मुंज तालाब और कापुर तालाब के बीच यह बना है। संभवतः यह सुल्तान गयासुद्दीन खिलजी ने बड़े हरम के रूप में बनवाया था। इसके खुले गलियारे, बाहर निकली हुई बालकनी और खूबसूरत छत शाही शौक को आसानी से बयां करते हैं। रात के समय इसे तवेली महल से निहारना बहुत सुखदायी है।

FC


हिंडोला महल :-
इसके आस-पास की दीवारें कुछ झुकी हुई सी हैं, जिसके कारण इसे हिंडोला महल कहा जाता है। बलुआ पत्थरों में नक्काशी का नायाब नमूना यहां देखने को मिलता है। यहां के खूबसूरत स्तंभ मन मोह लेते हैं। यह दर्शकों के लिए बैठक व्यवस्था के रूप में बनाया गया था।

इसी महल के पास कई छोटे-छोटे भवन हैं जो अपने अतीत की कहानी कहते हैं। इन्हीं के बीच चंपा बावड़ी है जो अंदर ही अंदर कमरों से जुड़ी है, इसके माध्यम से गर्म व ठंडे पानी का प्रबंध किया जाता था। यहीं पर दिलावर खान की मस्जिद, नाहर झरोखा, दो बड़े कुंए उजली और अंधेरी बावड़ी हैं।


होशंगशाह का मकबरा :-
भारत में अपनी तरह का पहला संगमरमर का नमूना! यह अफगानी कला का बेजोड़ उदाहरण है। इसका गुंबद देखने लायक है, नाजुकी लिए हुए नक्काशी और सुंदर मीनारों के कारण यह मन मोह लेता है। इसके गुंबद से मोहित होकर शाहजहां ने ताज महल बनाने के पहले अपने चार स्थापत्य विशेषज्ञों को यहां भेजा था।


जामी मस्जिद :-
बीच में बड़ा सा गुंबद जिसके पीछे बहुत से गुंबद हैं बीच के स्थान में भी कुछ छोटे गुंबद..। पूरी रचना सरल लेकिन मन मोहने वाली है। मस्जिद का गलियारा खंभों और आर्चेस से सजा हुआ है

जामी मस्जिद का शाब्दिक अर्थ होता है - महान मस्जिद। अपने विशाल आकार के बावजूद, मस्जिद की वास्‍तुकला की सादगी बरकरार है और इसे देखने के लिए प्रोत्‍साहित करती है। यह पश्‍तुन शैली को दर्शाती है।

मस्जिद में बड़ा-सा आंगन, कई खंभे और विशाल प्रवेश द्वार बने हुए है, जो पुराने समय से ही जस के तस खड़े है।