मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
Written By समय ताम्रकर

रणबीर कपूर होंगे 'राम लखन' के लखन!

रणबीर कपूर होंगे ''राम लखन'' के लखन! -
करण जौहर ने सुभाष घई की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'राम लखन' के रीमेक बनाने के अधिकार पांच करोड़ रुपये में खरीद लिए हैं। इस फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी करेंगे। रोहित और करण के जुड़ने से अचानक इस फिल्म के प्रति लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है। करण जौहर निर्माता के रूप में दनादन सफल फिल्में दे रहे हैं तो दूसरी ओर रोहित शेट्टी का नाम सफलता का पर्याय हो गया है।

'राम लखन' के रीमेक की घोषणा होते ही बॉलीवुड के कलाकारों में इस फिल्म को पाने की होड़ मच गई है। जोड़तोड़ की नीति ये कलाकार अपना रहे हैं ताकि वे इस फिल्म में फिट हो सके। रोहित और करण बेहद सावधानी से चयन करने में लगे हुए हैं। पहले वे 'राम' और 'लखन' की भूमिका अदा करने वाले कलाकारों का चयन करेंगे और उसके बाद नायिकाओं का चयन किया जाएगा।

PR


वरूण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा के नामों की चर्चा सबसे पहले हुई क्योंकि इन दोनों को ही करण जौहर ने बॉलीवुड में मौका दिया है और वे लगातार धर्मा प्रोडक्शन्स की फिल्में कर रहे हैं, लेकिन फिल्म से जुड़े लोग बताते हैं कि रोहित बड़े स्टार के साथ यह फिल्म बनाना चाहते हैं। इसीलिए अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह के नाम पर भी ज्यादा विचार नहीं किया गया।

पिछले दिनों मुंबई के एक रेस्तरां में रोहित शेट्टी के साथ रणबीर कपूर को लंबी बातचीत करते देखा गया। इसके आधार पर कहा जा रहा है कि रणबीर को 'लखन' की भूमिका निभाने के लिए रोहित ने राजी कर लिया है। रणबीर के पक्ष में करण जौहर भी हैं और उनके कहने पर ही रोहित-रणबीर ने मुलाकात की। रणबीर की स्टार वैल्यू रणवीर, अर्जुन या वरुण से ज्यादा भी है।

सूत्रों के मुताबिक रणबीर को रोहित ने राजी कर लिया है और जल्दी ही इस बारे में घोषणा सुनने को मिल सकती है। रणबीर के हां कहने के बाद ऐसे स्टार को चुना जाएगा जो उनके बड़े भाई के रूप में 'राम' का किरदार निभाए।