धनुष ने सचिन को दी संगीत भरी सलामी
"कोलावेरी डी" की जबरदस्त कामयाबी के बाद सुर्खियों में आए तमिल गायक धनुष को सिंगिंग स्टार की तरह पहचाना जाने लगा है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उनकी दीवानगी क्रिकेट के प्रति है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता धनुष क्रिकेट और उसमें भी सचिन तेंडुलकर के बड़े फैन हैं।
धनुष ने हाल ही में एक हेल्थ ड्रिंक के लिए अपने दूसरे वीडियो अलबम की शूटिंग की! इस म्यूजिक वीडियो की थीम है "अमर सहनशक्ति और अपनी उपलब्धियों से राष्ट्र को गौरवान्वित करने वाले सचिन तेंडुलकर को सलामी"। इस वीडियो का कॉन्सेप्ट उसी टीम ने तैयार किया है जिसने "कोलावरी डी" को पेश किया था।
धनुष ने नए वीडियो के बारे में कहा कि इस वीडियो के लिए मुझे हेल्थ ड्रिंक से बेहतर साझीदार नहीं मिल सकता था! क्रिकेट के प्रति समर्पण के लिए मैं हमेशा ही सचिन का सम्मान करता हूँ। मुझे आश्चर्य होता है कि उन्होंने किस तरह खुद को इस खेल में आगे बढ़ाया!
बताते हैं कि धनुष इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी गंभीर थे। उनका जुनून शूटिंग के दौरान भी नजर आया, जब उन्होंने धुन के आधार पर अचानक ही कुछ डांस स्टेप्स तैयार किए। वे यूनिट के सदस्यों को समझाने में इतने तल्लीन हो जाते थे कि उनके कदम खुद-ब-खुद संगीत की धुन पर थिरकने लगे।
खास बात यह कि धनुष ने बिना ब्रेक के एक दिन में ही यह म्यूजिक वीडियो तैयार कर लिया। उनके बारे में यूनिट का कहना था कि वे काफी पेशेवर हैं और उनके साथ काम करना अनोखा अनुभव है।