दारा सिंह का इलाज कर रहे डॉक्टर्स का कहना है कि दारा सिंह किसी भी वक्त कोमा में जा सकते हैं कि क्योंकि उनके मस्तिष्क को ऑक्सीजन कम मिल रही है। एमआरआई रिपोर्ट से पता चलता है कि इससे उनके मस्तिष्क को काफी नुकसान पहुंचा है।
मुंबई के कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी हॉस्पिटल में दारा सिंह पिछले कुछ दिनों से भर्ती हैं और उनकी हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। विंदु दारा सिंह इसकी पुष्टि करते हुए कहते हैं कि उनके डैडी की हालत ठीक नहीं है। गौरतलब है कि दारा सिंह को 7 जुलाई को अस्पताल में भर्ती किया गया था।
फिल्म इंडस्ट्री से धर्मेन्द्र, रजा मुराद और फराह खान सहित कई लोग दारा सिंह से मिलने अस्पताल पहुंचे। धर्मेन्द्र ने लोगों से अपील की है कि वे दारा सिंह के लिए प्रार्थना करें।
दारा सिंह के बेटे विंदू का कहना है कि उनके पिता अब शांतिपूर्वक इस दुनिया से जाना चाहते हैं, लेकिन हम उन्हें ठीक करने में जुटे हुए हैं। दारा सिंह अब किसी भी किस्म का दर्द बर्दाश्त नहीं करना चाहते हैं। खबर है कि दारा सिंह ने अपने परिवार को कह दिया है कि उनका अंतिम समय आ गया है और उन्हें बिना किसी दर्द के शांति पूर्वक जाने दिया जाए, लेकिन परिवार के लोग उनकी इच्छा के खिलाफ हैं।