करीना कपूर लोगों से मिलती हैं अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए। फिल्म से संबंधित सवाल के बजाय उनसे बात की जाती है उनकी शादी के बारे में। कब सैफ अली खान शादी कर रही हैं? कब सगाई होने वाली है? क्या शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं? इन सवालों से करीना कपूर अब परेशान हो गई हैं। अब तो वे साफ-साफ कहने लगी हैं कि लोकपाल बिल से ज्यादा चर्चा उनकी शादी की है।
करीना इस बात से सहमत हैं कि वे सेलिब्रिटी हैं। युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं इसलिए लोग उनकी शादी को लेकर बेहद उत्सुक हैं, लेकिन उनका कहना है कि वे भी आखिर एक इंसान हैं। लोगों को उनकी भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। जब भी शादी की तारीख तय होगी वे सबको बताएंगी।
फिलहाल करीना अपनी फिल्मों की बात करना चाहती हैं। 10 फरवरी को इमरान खान के साथ वे ‘एक मैं और एक तू’ में नजर आएंगी। इसके बाद 23 मार्च को उनकी ‘एजेंट विनोद’ रिलीज होगी।