शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. दिल्ली
Written By WD

दिल्ली का ऐतिहासिक चुनाव परिणाम

दिल्ली का ऐतिहासिक चुनाव परिणाम -
FILE
नई दिल्‍ली। दिल्ली का ऐतिहासिक चुनाव परिणाम भारतीय राजनीति में एक वैकल्पिक शक्ति के आगमन की घोषणा करता है। कांग्रेस की जबरदस्त पराजय से जाहिर होता है कि देश की जनता सत्ताधरी कांग्रेस और यूपीए गठबंधन से निजात पाने का रास्ता ढूंढ रही है लेकिन बदलाव की यह चाह भी भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं दिला पाई। आम आदमी पार्टी की अभूतपूर्व सफलता यह साबित करती है कि जनता सत्ताधरी पार्टियों में सिर्फ उलट-पलट से संतुष्ट नहीं है और वैकल्पिक राजनीति को एक मौका देना चाहती है।

सीटों की गिनती में भारतीय जनता पार्टी भले ही सबसे आगे रही हो लेकिन यह चुनाव परिणाम आम आदमी पार्टी की नैतिक विजय है। पिछले तीन दशक में किसी भी नई पार्टी ने देश में कही भी इतने वोट और सीट हासिल नहीं की। यह अभूतपूर्व सफलता और भी महत्वपूर्ण हैं। चूंकि आम आदमी पार्टी के खिलाफ दोनों बड़ी पार्टियां और इस देश के निहित स्वार्थ खड़े थे।

पिछले महीनेभर से पैसे, बाहुबल और घटिया दुष्प्रचार के बावजूद आम आदमी पार्टी ने यह शानदार कामयाबी हासिल की है। अगर देश का मीडिया इस दुष्प्रचार को हवा न देता तो निश्चित ही आम आदमी पार्टी स्पष्ट बहुमत लेकर सरकार बनाती।

आम आदमी पार्टी की सफलता केवल सीट और वोट में नहीं गिनी जा सकती। इस चुनाव की असली सफलता यह है कि राजनीति के तौर तरीके बदले जा सकते हैं। भ्रष्टाचार विरोधी जनलोकपाल आंदोलन से पैदा हुई इस पार्टी ने राजनीतिक व्यवस्था के भ्रष्टाचार को चुनौती दी।

चुनाव को सिर्फ सरकार परिवर्तन नहीं बल्कि स्वराज के जरिए व्यवस्था परिवर्तन का औजार बनाया। आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार ने राजनीति में पारदर्शिता और मर्यादा के नए मापदंड बनाए। पहली बार किसी पार्टी ने एक नंबर के पैसे से चुनाव लड़ा, चंदे के एक-एक पैसे का हिसाब दिया। और वांछित चंदा मिलने के बाद और पैसा लेने से इंकार कर दिया। शायद पहली बार किसी पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान केवल नैतिक आधार पर अपने एक उम्मीदवार से समर्थन वापस लिया। पहली बार एक पार्टी ने दिल्ली के हर विधनसभा क्षेत्रा का अलग-अलग घोषणा-पत्र जारी किया और दिल्ली के लोगों के आम जीवन के दुख-सुख को चुनावी मुद्दा बनाया।

आम आदमी पार्टी ने जाति और धर्म वाली वोट बैंक की राजनीति को तोड़ा और हवाई प्रचार छोड़कर हर घर, गली-कूचे में चुनाव प्रचार की परंपरा को दोबारा शुरू किया। दिल्ली में हुआ रिकॉर्ड तोड़ मतदान और आम आदमी पार्टी को मिले मत इस नई राजनीति को जनसमर्थन का प्रमाण है।

इस अद्‍भुत कामयाबी का श्रेय उन हजारों कार्यकर्ताओं को जाता है जिन्होंने अपना घर परिवार और सुख-सुविधा छोड़कर देश की राजनीति बदलने के अभियान में अपने आपको समर्पित कर दिया। दिल्ली, देश के अन्य इलाकों से और देश के बाहर से आए इन कार्यकर्ताओं ने संकल्प और आदर्श का एक नया नमूना पेश किया। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के इस अद्‍भुत भावना को सलाम करते हैं।

यह ऐतिहासिक परिणाम आम आदमी पार्टी के कंधे पर बड़ी जिम्मेदारी डालता है। हम दिल्ली के नागरिकों को भरोसा देना चाहते हैं कि हम इस त्रिशंकु विधानसभा में किसी जोड़-तोड़ के खेल में शामिल नहीं होंगे। हम न तो किसी से समर्थन लेंगे और न ही किसी को समर्थन देंगे, न समर्थन मांगेंगे। दिल्ली का चुनाव हमारी राजनीतिक यात्रा का पहला कदम है। देशभर में सन्‌ 2014 के लोकसभा चुनाव में एक वैकल्पिक राजनीति खड़ी करना इस यात्रा का अलग कदम होगा।