मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
Written By वार्ता

रूस ने दिया अमेरिका को झटका

खाद्य पदार्थों के आयात पर लगाई रोक

रूस ने दिया अमेरिका को झटका -
FILE
मास्को। रूस ने यूक्रेन विवाद को लेकर उस पर लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों पर जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिका और यूरोपीय संघ से खाद्य पदार्थों के आयात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।

रूस यूरोपीय देशों से फल और सब्जियों का आयात करने वाला एक प्रमुख देश है हालांकि अमेरिका से खाद्य पदार्थों के आयात के मामले में इसका स्थान 23 वां है। अमेरिका से मुख्य तौर पर पोल्ट्री उत्पादों का आयात किया जाता है।

अमेरिका ने इस पर प्रतिक्रिया में कहा है कि यह कदम उसे उल्टा पड़ेगा। व्हाइट हाउस प्रवक्ता लौरा लुकास मैग्नुसन ने कहा कि खाद्य पदार्थों के आयात पर रोक से खुद रूस की अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी। देश में मंहगाई बढ़ेगी जिससे रूसी जनता परेशान होगी।

पुतिन ने आयात प्रतिबंधों के सरकारी आदेश पर बुधवार को हस्ताक्षर किए। इस आदेश में कहा गया है कि रूस उस पर आर्थिक प्रतिबंध लगाने वाले देशों से सभी तरह के कृषि और खाद्य उत्पादों के आयात पर एक वर्ष तक के लिए रोक लगाई जा रही है। यूरोपीय संघ के ब्रुसेल्स स्थित प्रवक्ता ने इस पर कोई प्रतिक्रिया देने से इन्कार कर दिया है।

अमेरिका के नेशनल चिकन काउंसिल और पोल्ट्री तथा अंडा निर्यात परिषद ने कहा है कि रूस के प्रतिबंधों से उस पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। अमेरिका के कृषि उत्पाद संघ ने कहा है कि रूस ने यह कदम राजनीतिक बदले की भावना से उठाया गया है। इससे उसका ही नुकसान होने वाला है। रूस की जनता को इन उत्पादों के लिए अब ज्यादा कीमत चुकानी पडेगी क्योंकि घरेलू स्तर पर इनका उत्पादन पर्याप्त नहीं है।

अमेरिका और यूरोपीय संघ की ओर से कृषि उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद रूस सरकार अब इक्वाडोर, ब्राजील और अर्जेंटीना जैसे देशों से इनके आयात पर विचार कर रही है। (वार्ता)