गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. Shah Rukh Khan, Salman Khan, Akshay Kumar
Written By

कमाई के मामले में... शाहरुख 8वें, अक्षय 10वें, सलमान 14वें नंबर पर

कमाई के मामले में... शाहरुख 8वें, अक्षय 10वें, सलमान 14वें नंबर पर - Shah Rukh Khan, Salman Khan, Akshay Kumar
फोर्ब्स पत्रिका ने 2016 की अपनी सूची में बॉलीवुड सितारे शाहरूख खान, अमिताभ बच्चन, सलमान खान और अक्षय कुमार को दुनिया के सबसे अधिक पारिश्रमिक पाने वाले सितारों में शुमार किया है और इनका पारिश्रमिक हॉलीवुड के दिग्गज कलाकार रॉबर्ट डाउनी जूनियर और ब्रैड पिट के बराबर है। पत्रिका की इस सूची में अभिनेता बने ड्वेन जॉनसन शीर्ष पर हैं।
 
पत्रिका के अनुसार ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ से लेकर ‘चक दे इंडिया’ जैसी फिल्में देने वाले शाहरूख ‘वर्ल्ड्‍स  हाइएस्ट पेड एक्टर्स 2016’ की 20 अभिनेताओं की सूची में आठवें स्थान पर हैं और 3.3 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ ‘आयरन मैन’ के डाउनी जूनियर, शाहरूख के साथ इसी स्थान पर काबिज हैं।
 
अक्षय 3.15 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ हॉलीवुड की सबसे आकर्षक शख्सियत ब्रैड पिट के साथ 10वां स्थान साझा कर रहे हैं।
सूची के अनुसार 2.85 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ ‘बजरंगी भाईजान’ सलमान खान ऑस्कर विजेता अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो से एक स्थान पहले यानी 14वें स्थान पर हैं, जबकि डिकैप्रियो 2.7 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ 15वें स्थान पर हैं और 2.05 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ ‘इंडिपेंडेंस डे’ के सितारे विल स्मिथ ने 17वां स्थान पाया है।
 
दो करोड़ डॉलर की कमाई के साथ अमिताभ बच्चन ने सूची में ऑस्कर विजेता मैथ्यू मैकोनहे (19) और ‘स्टार वार्स’ के दिग्गज कलाकार हैरिसन फोर्ड (20)  से पहले यानी 18वां स्थान पाया है।
 
कुछ दिन पहले ही फोर्ब्स ने दुनिया में सर्वाधिक पारिश्रमिक पाने वाली अभिनेत्रियों की सूची जारी की थी और अब पत्रिका ने सबसे अधिक कमाई वाले अभिनेताओं की यह सूची जारी की है। एक करोड़ डॉलर की कमाई के साथ 30 वर्षीय दीपिका पादुकोण दुनिया की शीर्ष 10 सर्वाधिक पारिश्रमिक पाने वाली अभिनेत्रियों में शामिल की गई थीं। सूची में दीपिका 10वें स्थान पर थीं। बहरहाल, इस सूची में शामिल की जाने वाली वह एकमात्र भारतीय अभिनेत्री और इकलौता नया नाम हैं।
 
भारतीय फिल्म उद्योग में पारिश्रमिक के मामले में लैंगिक असमानता को लेकर फोर्ब्स ने यह उल्लेख किया कि ‘‘हॉलीवुड में ऐसी असमानता कोई असामान्य बात नहीं है।’’ फोर्ब्स ने कहा था कि कोई भारतीय अभिनेता एक फिल्म से करीब 50 लाख डॉलर की कमाई कर सकता है, लेकिन नामचीन भारतीय अभिनेत्रियां एक फिल्म से मुश्किल से करीब 10 लाख डॉलर ही कमा कर पाती हैं।
 
फिल्मों में किसी शीर्ष अभिनेत्री के मुकाबले कमाई के अलावा पुरुषों का करियर भी महिलाओं के बनिस्बत अधिक लंबा होता है। फोर्ब्स ने कहा कि सर्वाधिक पारिश्रमिक पाने वाले अभिनेताओं में से 95 प्रतिशत 40 साल से ऊपर के हैं। फोर्ब्स की सूची में सबसे अधिक पारिश्रमिक पाने वाली अभिनेत्रियों में सभी 50 साल से कम उम्र की हैं, जबकि 45 प्रतिशत अभिनेता 50 साल से अधिक उम्र के हैं। सूची में शामिल फोर्ड और बच्चन लगभग 70 साल के हैं।
 
शाहरूख के बारे में फोर्ब्स ने कहा कि बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर उनकी बादशाहत लगातार बरकरार है। पत्रिका ने कहा, ‘‘कई दर्जन ब्रांड के प्रचार से भी उनकी कमाई होती है। इन ब्रांडों का नाम ज्यादातर अमेरीकियों ने सुना भी नहीं होगा।’’(भाषा) 
 
ये भी पढ़ें
बॉबी देओल बने डीजे... उड़ गई हंसी