शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फोकस
  4. Bollywood 2017, Score Card of Actors, Salman Khan, Hit, Flop, Samay Tamrakar

बॉलीवुड 2017 : अभिनेताओं का स्कोरकार्ड

बॉलीवुड 2017 : अभिनेताओं का स्कोरकार्ड - Bollywood 2017, Score Card of Actors, Salman Khan, Hit, Flop, Samay Tamrakar
वर्ष 2017 में बॉलीवुड के दिग्गज स्टार्स का स्कोरकार्ड क्या रहा। किसने कितनी हिट दी और किसने कितनी फ्लॉप। पेश है साल भर का लेखा-जोखा। 
 
आमिर खान 
आमिर खान इस वर्ष गायब से रहे। बतौर निर्माता उनकी फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' रिलीज हुई जिसमें आमिर ने भी छोटा किंतु महत्वपूर्ण रोल निभाया। फिल्म में उनका अभिनय देखने लायक था। गोलमाल अगेन के सामने रिलीज होने के बावजूद आमिर की यह फिल्म सफल रही और इस सफलता में उनका योगदान महत्वपूर्ण था। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 1 
औसत : 0 
फ्लॉप : 0    

शाहरुख खान 
2016 की तरह 2017 में भी शाहरुख खान खाली हाथ रहे। इससे उनके स्टारडम पर सवाल उठने लगे हैं। कहने वाले तो कह रहे हैं कि अब उनका वक्त बीत गया है। कुछ लोग तो अब अक्षय कुमार को उनसे आगे रख रहे हैं। शाहरुख की इस साल रिलीज हुई 'रईस' बॉक्स ऑफिस पर औसत रही। कुछ वितरकों की कमाई हुई तो कुछ को नुकसान। इस फिल्म को 'काबिल' के सामने रिलीज होने का नुकसान भी उठाना पड़ा। 'जब हैरी मेट सेजल' तो इतनी बुरी तरह फ्लॉप हुई कि शाहरुख इस फिल्म का नाम भी याद नहीं रखना चाहेंगे। 'ट्यूबलाइट' में भी वे चंद मिनटों के लिए नजर आए। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0  
औसत : 1  
फ्लॉप : 1   

अक्षय कुमार 

अक्षय कुमार के लिए यह वर्ष बेहतरीन रहा। उनकी बतौर हीरो दो फिल्में प्रदर्शित हुईं और दोनों सौ करोड़ क्लब का हिस्सा बनी। हालांकि अक्षय की छवि ऐसे सितारे की बन गई है जिनकी सफल फिल्म सवा सौ करोड़ के आसपास आकर रूक जाती है। इसके आगे वे निकल नहीं पा रहे हैं। अब वे हर तरह की फिल्में कर रहे हैं। नाम शबाना में उनका लंबा कैमियो था, लेकिन फिल्म की सफलता का भार तापसी पन्नू के कंधों पर था। जॉली एलएलबी 2 और टॉयलेट एक प्रेम कथा जैसी सफल फिल्में अक्षय कुमार के खाते में आईं।   
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 2
हिट : 0  
औसत : 0  
फ्लॉप : 0 

रितिक रोशन 
अभिनय की वजह से कम और कंगना रनौट से विवाद के कारण रितिक ज्यादा चर्चा में रहे। कम फिल्म करने की आदत से वे बाज नहीं आ रहे हैं और लंबे अंतराल के बाद उनकी फिल्में प्रदर्शित होती है, जो ठीक नहीं है। इस वर्ष वे एकमात्र फिल्म 'काबिल' में दिखाई दिए जो शाहरुख की फिल्म 'रईस' के सामने प्रदर्शित हुई। नुकसान दोनों का हुआ और रितिक की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत रही। रितिक को जल्दी ही ऊपर उठना जरूरी है क्योंकि रणवीर और वरुण जैसे सितारे उनके नजदीक तेजी से पहुंच रहे हैं।   
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0 
हिट : 0   
औसत : 1  
फ्लॉप : 0

अजय देवगन 
सवाल उठ रहे थे कि पिछले चार-पांच वर्षों से अजय देवगन बड़ी हिट नहीं दे पाए। आखिरकार उन्होंने 'गोलमाल अगेन' के जरिये जवाब दे ही दिया। यह उनकी सबसे बड़ी हिट फिल्म है। पहली बार दो सौ करोड़ क्लब में उन्होंने प्रवेश करा है। हालांकि इस बात से इनकार नहीं है कि यह रोहित शेट्टी की फिल्म है और कामयाबी का कुछ श्रेय रोहित को भी जाता है। अजय की बादशाहो फ्लॉप रही। इस फिल्म को अजय अच्छी ओपनिंग भी नहीं दिला पाए। 'गेस्ट इन लंदन' में उनका कैमियो था। कुल मिला कर अजय के लिए यह मिला-जुला साल रहा। जरूरत है उन्हें सोच समझ कर फिल्म साइन करने की।    
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 1 
हिट : 0   
औसत : 0   
फ्लॉप : 1 

अमिताभ बच्चन 
अमिताभ बच्चन इस वर्ष छोटे परदे पर अपने शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के जरिये नजर आए। यह शो अब भी बिग बी के कारण देखा जाता है। बड़े परदे पर उनकी एकमात्र फिल्म 'सरकार 3' देखने को मिली, जो असफल रही। अमिताभ की एक्टिंग तो बढ़िया थी, लेकिन फिल्म में कोई नई बात नजर नहीं आई। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 0     
फ्लॉप : 1  

रणबीर कपूर 
लंबा समय हो गया है रणबीर कपूर को बड़ी हिट फिल्म दिए। उनके पिता ऋषि कपूर खुद अपने बेटे की फिल्म के चयन पर सवाल उठाते रहे हैं। लंबे समय से अटकी फिल्म 'जग्गा जासूस' रिलीज हुई और एक बार फिर रणबीर के हाथ असफलता लगी। उनकी प्रतिभा पर किसी को शक नहीं है, लेकिन बॉक्स ऑफिस परिणाम भी उतना ही महत्वपूर्ण है। क्या संजय दत्त की बायोपिक के जरिये वे कामयाब होंगे? कुछ दिनों में जवाब मिल जाएगा। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 0    
फ्लॉप : 1

वरुण धवन 
वरुण धवन और रणबीर कपूर में यही फर्क है कि वरुण उन फिल्मों को चुनते हैं जिसके सफल होने के अवसर ज्यादा होते हैं। यही कारण है कि वरुण लगातार सफल होते जा रहे हैं। इस वर्ष उनकी दो फिल्में रिलीज हुईं। कम लागत होने के कारण 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' सुपरहिट रही। वहीं वरुण के डैड डेविड धवन द्वारा निर्देशित फिल्म 'जुड़वा 2' भी हिट रही। इन दो फिल्में की सफलता से वरुण अपने समकालीन अभिनेताओं से बहुत आगे निकल गए हैं। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 1 
हिट : 1     
औसत : 0    
फ्लॉप : 0

सिद्धार्थ मल्होत्रा 
जिस तेजी से सिद्धार्थ मल्होत्रा ने शुरुआत की थी उसे वे कायम नहीं रख पाए। इस वर्ष 'ए जेंटलमैन' के रूप में उन्हें नाकामयाबी हाथ लगी। फिल्म अच्‍छी थी, लेकिन चल नहीं पाई। 'इत्तेफाक' की खूब तारीफ हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर कमजोर रही। वो तो भला हो सैटलाइट और अन्य राइट्स की कीमत का कि फिल्म की लागत वसूल हो गई। इन दोनों फिल्मों के कमजोर प्रदर्शन से सिद्धार्थ पर निर्माताओं का विश्वास कम हुआ है। उन्हें जरूरत है कि एक बड़ी हिट की। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 1   
फ्लॉप : 1 

अर्जुन कपूर 
अर्जुन का निशाना चूक रहा है। उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लड़खड़ाती है और किसी तरह कीमत वसूलती है। वे अपनी फैन फॉलोइंग नहीं बढ़ा पा रहे हैं जो उनकी फिल्म को अच्छी ओपनिंग दिला सके। वैसे इस बात की तसल्ली वे कर सकते हैं कि उनकी रिलीज दोनों फिल्में मुबारकां और हाफ गर्लफ्रेंड बड़ी हिट नहीं हुई तो घाटे का सौदा भी साबित नहीं हुई। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 2    
फ्लॉप : 0  

शाहिद कपूर
यह खोज का विषय हो सकता है कि फ्लॉप पर फ्लॉप फिल्म देने के बावजूद शाहिद कपूर को कैसे फिल्में मिल रही हैं। इस वर्ष उन्होंने एक इतनी बड़ी फ्लॉप फिल्म दी कि बॉलीवुड दहल गया। 'रंगून' नामक महंगी फिल्म को दर्शक ही नहीं मिले और शाहिद के खाते में एक और असफल फिल्म बढ़ गई। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 0   
फ्लॉप : 1 

इमरान हाशमी 
इमरान हाशमी को समझ नहीं आ रहा है कि खोया स्टारडम कैसे हासिल किया जाए? एक दौर ऐसा था कि जब वे अपने नाम के बलबूते पर फिल्मों को अच्छी ओपनिंग दिला देते थे, लेकिन अब तो दर्शक इमरान का नाम देख कर ही टिकट नहीं खरीदते। अपने पुराने साथियों मिलन लथुरिया और अजय देवगन के कंधों पर सवार होकर इमरान ने 'बादशाहो' की, लेकिन फिर भी सफलता हाथ नहीं लगी। अब दौड़ में वे बहुत पीछे हो गए। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 0    
फ्लॉप : 1  

फरहान अख्तर 
सवाल उठने लगे हैं कि जब फरहान अख्तर अच्छे निर्देशक हैं तो अभिनय कर समय क्यों बरबाद कर रहे हैं? वैसे भी उनकी फिल्में चल नहीं रही हैं। लखनऊ सेंट्रल नामक उनकी फिल्म तो पहले दिन ही पटरी से उतर गई। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 0    
फ्लॉप : 1  

टाइगर श्रॉफ
टाइगर इस वर्ष बॉक्स ऑफिस दहाड़ नहीं पाए। मुन्ना माइकल की असफलता ने तो उन्हें मिमियाने लायक छोड़ा। माना जा सकता है कि फिल्म ही इतनी बुरी थी कि सलमान भी उस फिल्म को चला नहीं सकते थे तो फिर टाइगर से इसकी उम्मीद करना बेमानी है। टाइगर में दम है। वे शानदार वापसी कर सकते हैं। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 0    
फ्लॉप : 1  

राजकुमार राव 
धीरे-धीरे ही सही, राजकुमार राव ने अपने कुछ प्रशंसक बना लिए हैं और अपना एक स्थान बना लिया है। यह वर्ष उनके लिए काफी हलचल वाला रहा। ट्रैप्ड, बहन होगी तेरी, बरेली की बर्फी, न्यूटन, शादी में जरूर आना जैसी उनकी फिल्में रिलीज हुईं। कम लागत के कारण न्यूटन हिट रही जबकि बरेली की बर्फी को औसत सफलता मिली। वेब सीरिज 'बोस: डेड/अलाइव' में भी वे नजर आएं। 'राब्ता' में उन्होंने छोटा रोल अदा किया। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 1     
औसत : 1     
फ्लॉप : 3  

आयुष्मान खुराना 
आयुष्मान खुराना ने इस वर्ष दमदार तरीके से वापसी की और इससे उनके करियर में फिर उछाल आ सकता है। 'शुभ मंगल सावधान' हिट रही और बरेली की बर्फी औसत रही। 'मेरी प्यारी बिंदू' जरूर असफल रही। दो 'प्लस' वाली फिल्म देकर आयुष्मान ने अपने करियर की आयु बढ़ा ली है। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 1     
औसत : 1     
फ्लॉप : 1 

इरफान खान 
इरफान खान भी अपने दम पर फिल्म चला लेते हैं। हिंदी मीडियम इसका उदाहरण है। सीमित बजट में बनाई गई यह फिल्म हिट रही। करीब करीब सिंगल से दर्शक करीब करीब दूर ही रहे। इरफान की फिल्म वे दर्शक देखना पसंद करते हैं जो फिल्मों में कुछ अलग देखने चाहते हैं।  
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0  
हिट : 1       
औसत : 0      
फ्लॉप : 1 

सैफ अली खान 
सैफ अली खान बॉक्स ऑफिस पर बिलकुल भी 'सेफ' नहीं रहे हैं। रंगून में दर्शकों ने उनके साथ जाना पसंद नहीं किया। 'शेफ' का स्वाद भी दर्शकों ने नकार दिया। दोनों फिल्में इतनी बुरी तरह फ्लॉप हुईं कि निर्माता और वितरकों की आंखों से खून के आंसू निकल आए। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0  
हिट : 0      
औसत : 0      
फ्लॉप : 2  

सलमान खान 
ट्यूबलाइट के पहले तक माना जाता था कि सलमान खान की फिल्म फ्लॉप नहीं हो सकती, लेकिन ऐसा हुआ। लंबे समय बाद सलमान ने असफलता का मुंह देखा। सलमान ने तो इस फिल्म से पैसा बनाया, लेकिन वितरकों को घाटा हुआ। सलमान ने उन्हें कुछ पैसा लौटाया ताकि नुकसान की भरपाई की जा सके। टाइगर जिंदा है से उम्मीद है कि यह फिल्म सलमान के स्टारडम के अनुरूप सफलता हासिल करेगी। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 1 
औसत : 0 
फ्लॉप : 1
ये भी पढ़ें
गोविंदा के बारे में 25 रोचक जानकारियां