शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Ranbir Kapoor, Roy

फैंस पूछ रहे हैं रणबीर कपूर ने क्यों की रॉय?

फैंस पूछ रहे हैं रणबीर कपूर ने क्यों की रॉय? - Ranbir Kapoor, Roy
रॉय जब से बनना शुरू हुई थी तब से रणबीर कपूर के रोल की लंबाई को लेकर संदेह व्यक्त किए जा रहे थे। रणबीर ने इस बारे में मुंह नहीं खोला और फिल्म के प्रचार के लिए उन्होंने मात्र एक प्रेस कांफ्रेंस की। इससे संदेह और पुख्ता हो गया कि रणबीर का रोल ज्यादा लंबा नहीं है। रणबीर ने ठीक ही किया क्योंकि वे अपने फैंस को निराश नहीं करना चाहते थे क्योंकि जो इस आशा के साथ आते कि रणबीर का रोल लंबा होगा वे निराश होते। यदि रणबीर इस बारे में बता भी देते तो कोई फर्क नहीं पड़ता। 
 
बॉक्स ऑफिस पर रॉय ने पहले दो दिन अच्छा व्यवसाय किया। हिट गानों के साथ-साथ रणबीर कपूर का नाम भी इसका प्रमुख कारण रहा। रणबीर का रोल छोटा है यही मानकर उनके प्रशंसक फिल्म देखने गए थे, लेकिन रणबीर का किरदार और अभिनय इतना घटिया होगा ये किसी ने नहीं सोचा होगा। 
 
रणबीर पहले कलाकार नहीं हैं जिन्होंने मेहमान कलाकार की भूमिका निभाई है। अमिताभ बच्चन, धर्मेन्द्र, शाहरुख खान जैसे सुपर सितारों ने गरीब निर्माताओं या दोस्तों के लिए ऐसी भूमिकाएं कई बार अदा की है। किसी ने गाना कर दिया तो कोई चंद सेकंड्स के लिए परदे पर आ गया। 
यदि रणबीर एक गाना कर लेते और फिल्म बुरी भी होती तो किसी को भी रणबीर से शिकायत नहीं होती, लेकिन रणबीर की भूमिका लंबी थी और फिल्म की कहानी उनके इर्दगिर्द भी घूमती थी, लिहाजा फिल्म के अच्छे या बुरे होने की जवाबदारी उनकी भी थी।
 
रणबीर इतने अनुभवी तो हो गए हैं कि अच्छे या बुरे रोल की पहचान कर सके। रॉय में उनका रोल फालतू था और यह बात उनके अभिनय से भी साबित हुई है। खुद उन्हें अभिनय करने में मजा नहीं आ रहा था और उनके चेहरे से ये भाव प्रकट हो रहे थे। मानो ‍पीछे किसी ने पिस्तौल अड़ा रखी हो और वे एक्टिंग कर रहे हो। 
 
फिल्म के निर्देशक विक्रमजीत सिंह और रणबीर कपूर अच्छे दोस्त हैं। दोस्त की मदद की खातिर ही उन्होंने यह फिल्म की, लेकिन इसकी कीमत उनके प्रशंसकों ने भी चुकाई है। पैसों के अलावा उम्मीद को भी तोड़ा गया है। यदि रणबीर को मदद करना होती तो वे आर्थिक रूप से भी मदद कर सकते थे या कह सकते थे कि उन्हें स्क्रिप्ट पसंद नहीं है। 
 
रॉय जैसी फिल्म से किसी का भला नहीं हुआ। फैंस निराश हुए। रणबीर की प्रतिष्ठा पर आंच आई। जिसकी मदद करने के लिए वे आगे आए उसे भी कोई फायदा नहीं हुआ।