बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Ghayal Once Again, Fitoor, Aligarh, Neerja, Samay Tamrakar
Written By समय ताम्रकर

फरवरी में रिलीज होंगी 16 फिल्में

फरवरी में रिलीज होंगी 16 फिल्में - Ghayal Once Again, Fitoor, Aligarh, Neerja, Samay Tamrakar
जनवरी का महीना बॉलीवुड के लिए ठीक रहा। वज़ीर और एअरलिफ्ट ऐसी दो फिल्में रहीं जो मुनाफे का सौदा साबित हुईं। 'क्या कूल हैं हम 3' को दर्शकों ने ठुकरा कर बता दिया कि फूहड़ फिल्में बर्दाश्त नहीं है। 
 
फरवरी में लगभग 16 फिल्में रिलीज होने वाली हैं। हर सप्ताह एक फिल्म ऐसी जरूर है जिसके प्रति दर्शकों में उत्सुकता है। वैसे 6-7 फिल्में आकर्षित करने वाली हैं। छुपा रूस्तम भी कुछ साबित हो सकती हैं। वैलेंटाइन डे भी इसी महीने आता है, इसलिए प्यार-मोहब्बत-इश्क वाली फिल्मों का बोलबाला है। 
 
5 फरवरी को तीन फिल्मों का प्रदर्शन हो रहा है, घायल वंस अगेन, सनम तेरी कसम, बीएचके भल्ला@हल्ला डॉट कॉम। 'घायल वंस अगेन' इनमें से बड़ी फिल्म है। सनी देओल ने अपने डूबते करियर को थामने के लिए बनाई है। खूब मेहनत की है। पिछले एक महीने से प्रचार भी कर रहे हैं। फिल्म का प्रदर्शन लंबे समय से टलता जा रहा था। अब जाकर रिलीज हो रही है। 26 वर्ष बाद सीक्वल आ रहा है। देखना ये है कि सनी की फिल्म वर्तमान दौर के दर्शकों को पसंद आती है या नहीं क्योंकि सनी समय के साथ बदल नहीं पाए जबकि दर्शकों की पसंद बहुत बदल चुकी है। सनम तेरी कसम और बीएचके भल्ला@हल्ला डॉट कॉम शायद ही सभी जगह रिलीज हो पाए। 
12 फरवरी वाला वैलेंटाइन वीक है। अभिषेक कपूर की 'फितूर' रिलीज हो रही है। अभिषेक ने 'रॉक ऑन' और 'काई पो छे' जैसी उम्दा फिल्में बनाई हैं, लिहाजा इस फिल्म से उम्मीद होना स्वाभाविक है। आदित्य राय कपूर, कैटरीना कैफ और तब्बू जैसे कलाकार फिल्म में हैं। इसी के साथ सनम रे रिलीज हो रही है, इसे 'यारियां' बनाने वाली दिव्या कुमार खोसला ने बनाया है और पुलकित सम्राट-यामी गौतम की जोड़ी इस फिल्म में है। साथ में लखनवी इश्क भी रिलीज होने वाली है। 
 
19 फरवरी वाले वीक में भी प्यार-मोहब्बत के नामों वाली फिल्म का बोलबाला है। लवशुदा, डायरेक्ट इश्क और इश्क फॉरेवर रिलीज हो रही हैं। कन्फ्यूजन पैदा हो सकता है। साथ में 'रिद्‍म' भी रिलीज हो रही है। इनके बीच निगाह तो होगी 'नीरजा' और 'तेरे बिन लादेन- डेड ऑर अलाइव' पर। नीरजा भनोट की लाइफ पर 'नीरजा' बनी है, जिसमें सोनम कपूर लीड रोल में हैं। 'तेरे बिन लादेन-डेड ऑर अलाइव' व्यंग्यात्मक फिल्म है और यह भी जबरदस्त हो सकती है। 
 
26 फरवरी को 'अलीगढ़' ऐसी फिल्म है जो दूसरी फिल्मों के बीच अलग नजर आती है। 'शाहिद' बनाने वाले हंसल मेहता ने इसे बनाया है। मनोज बाजपेयी लीड रोल में हैं। साथ में लव शगुन, बॉलीवुड डायरीज़, 1982- ए लव मैरिज जैसी फिल्में भी रिलीज हो रही हैं। 

फरवरी में रिलीज होने वाली फिल्में
5 फरवरी  घायल वंस अगेन
सनम तेरी कसम
बीएचके @ हल्ला डॉट कॉम
12 फरवरी फितूर
सनम रे
लखनवी इश्क 
19 फरवरी  नीरजा
तेरे बिन लादेन- डेड ऑर अलाइव 
लवशुदा
डायरेक्ट इश्क
इश्क फॉरएवर
रिद्‍म 
26 फरवरी  अलीगढ़
लव शगुन
बॉलीवुड डायरिज़ 
1982- ए लव मैरिज