गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Box Office, Aishwarya Rai Bachchan, Sanajy Gupta, Irfan Khan
Written By

BOX OFFICE : ऐश्वर्या की जज़्बा का क्या होगा?

BOX OFFICE : ऐश्वर्या की जज़्बा का क्या होगा? - Box Office, Aishwarya Rai Bachchan, Sanajy Gupta, Irfan Khan
ऐश्वर्या राय ने वापसी के लिए 'जज्बा' को चुना, जिसे संजय गुप्ता ने निर्देशित किया है। ऐश्वर्या चाहती तो किसी भी बड़े बैनर की फिल्म साइन कर सकती थीं। संजय गुप्ता पर विदेशी थ्रिलर फिल्मों का असर है और उनकी ज्यादातर फिल्में रिमेक होती हैं। पिछले कुछ दिनों से उनके बच्चन परिवार से अच्छे रिश्ते हैं और इसी का लाभ उन्हें मिला है। इसके पहले संजय दत्त से दोस्ती की थी और उसका जम कर लाभ संजय ने उठाया। कई फिल्में संजय दत्त को लेकर संजय गुप्ता ने बनाई, जिनमें से ज्यादातर असफल रहीं। 
 
जज्बा की कीमत सभी खर्चों को जोड़ कर लगभग 32 करोड़ बताई जा रही है। 1600 से 1700 स्क्रीन्स में इसे रिलीज किया जाएगा। सिनेमाघरों की संख्या बढ़ भी सकती है क्योंकि यह संख्या फिल्म के प्रति क्रेज को देख तय की जाती है। 
 
 
फिल्म का ट्रेलर दर्शकों के बीच हलचल मचाने में कामयाब तो रहा है। दर्शकों ने फिल्म को नोटिस तो किया है, लेकिन इसे देखने का पूरी तरह से मन नहीं बनाया है। वे उत्सुक जरूर हैं, लेकिन फिल्म की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही रिपोर्ट सकारात्मक आती है ‍वे फिल्म देखने के लिए टूट पड़ेंगे।
ऐश्वर्या अपने दम पर फिल्म को कैसी ओपनिंग दिलाती है, ये देखने वाली बात होगी। फोर्टी प्लस इस हीरोइन की दीवानी क्या युवा पीढ़ी है? ऐश्वर्या को पसंद करने वाले क्या अब उनके नाम पर टिकट खरीदेंगे? ये सवाल बहुत ही अहम है। हीरोइन का वापसी करना आसान नहीं होता। माधुरी दीक्षित दो बार प्रयास कर चुकी हैं, लेकिन असफल रहीं। चूंकि फिल्म एक क्राइम थ्रिलर है, इसलिए युवा पीढ़ी का साथ फिल्म को मिल सकता है। लेकिन सारी बातें फिल्म की ओपनिंग पर निर्भर करती है। 
 
जहां तक निर्देशक संजय गुप्ता का सवाल है तो अब तक उन्होंने कोई बड़ा तीर नहीं मारा। कांटे, जिंदा, मुसाफिर जैसी फिल्में उन्होंने बनाई है जो बॉक्स ऑफिस पर लगभग औसत रही हैं। संगीत, सेक्स और अपराध के इर्दगिर्द उनकी फिल्में घूमती हैं, लेकिन 'जज्बा' में सिर्फ अपराध ही है। 
 
कुल मिलाकर 'जज्बा' की राह न आसान है और न कठिन। दर्शक इस तरह की फिल्म से कैसा व्यवहार करते हैं, देखना दिलचस्प रहेगा। पहले वीकेंड में यह फिल्म 15 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेती है तो इसकी राह आसान हो जाएगी।