गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Bipasha Basu, Alone, John Abraham
Written By

अकेली बिपाशा को 'अलोन' से उम्मीद

अकेली बिपाशा को 'अलोन' से उम्मीद - Bipasha Basu, Alone, John Abraham
अलोन बिपाशा की आखिरी उम्मीद है। सफलता पाने के लिए इस फिल्म में उन्होंने अंग-प्रदर्शन किया। जम कर प्रचार किया। हीरो करण सिंह ग्रोवर और उनके बीच रोमांस के किस्से फैले। अलोन का प्रदर्शन बिपाशा के करियर की दिशा तय करेगा क्योंकि पिछले कई समय से वे लगातार असफल फिल्मों का हिस्सा रही है और इस समय उनके हाथ में इक्का-दुक्का फिल्में ही हैं। 
दरअसल बिपाशा बसु का करियर पिछले कुछ वर्षों से ढलान पर है। आत्मा, राज 3, क्रीचर जैसी भूतहा फिल्मों ने उन्हें टिकाए रखा। लेकिन इन फिल्मों की असफलता के बाद बिपाशा से हॉरर फिल्मों का साथ भी छूटता जा रहा है। 
 
पिछले 15 वर्षों से बिपाशा फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा है, लेकिन उन्हें अभिनय या फिल्मों से ज्यादा अपने बॉयफ्रेंड्स से संबंध के चलते ज्यादा चर्चा मिली। बिपाशा खुली किताब की तरह रही और उन्होंने कभी अपने रिश्तों को छिपाया नहीं। वे बहुत जल्दी प्रेम में पड़ जाती हैं। धोखा खाने के बावजूद प्रेम पर उनका विश्वास अभी भी कायम है।
 
पूर्व प्रेमी डीनो मारियो से बिपाशा के संबंध मधुर है। हाल ही में जब बिपाशा ने जन्मदिन मनाया तो डीनो उसमें उपस्थित थे, लेकिन जॉन अब्राहम के नाम से उनका मुंह कड़वा हो जाता है। जॉन और बिपाशा का रिश्ता बहुत मजबूत लगता था, लेकिन वक्त के साथ आई दरार लगातार चौड़ी होती गई। इसके बाद बिपाशा का नाम हरमन बावेजा से जुड़ा। बताया जाता है कि बावेजा फैमिली बिपाशा जैसी बिंदास युवती को अपनी बहू बनाने के लिए राजी नहीं हुई। उन्हें बिपाशा के सारे प्रेम-प्रसंगों की जानकारी है और वे बिपाशा को स्वीकारने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। 
 
बिपाशा कभी बहुत अ‍च्छी अभिनेत्री नहीं मानी गईं। अपनी ग्लैमरस इमेज का फायदा उठाते हुए लगातार उन्हें फिल्म मिलती गई। बिपाशा का रंग आम हीरोइनों की तरह गोरा नहीं है, लेकिन उन्हें अपने सांवले रंग पर नाज है और उन्होंने दिखा दिया कि सुंदर होने के लिए गोरा रंग होना जरूरी नहीं है। 
 
मेनस्ट्रीम सिनेमा का हिस्सा होने के बावजूद बिपाशा को कभी सुपरस्टार्स का साथ नहीं मिला। एक-दो अपवाद छोड़ दिया जाए तो खान तिकड़ी के साथ वे कभी नजर नहीं आई। हीरोइन को आगे बढ़ने के लिए किसी भी खान कैम्प का हिस्सा बनना पड़ता है, लेकिन जॉन के प्यार में मदहोश बिपाशा ने कभी अपने करियर पर ध्यान नहीं दिया और जो फिल्में मिलती गई वे करती गईं। जब होश आया तो बात हाथ से निकल चुकी थी। 
 
निजी जीवन में बिपाशा इस समय अलोन हैं। करियर में भी वे जहां खड़ी हैं वहां अकेली हैं। शायद 'अलोन' की कामयाबी उनके इस अकेलेपन को दूर कर दे।