गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Best Five Movies of Kangna Ranaut
Written By

इन पांच फिल्मों में कंगना रनौट का अभिनय है देखने लायक

इन पांच फिल्मों में कंगना रनौट का अभिनय है देखने लायक - Best Five Movies of Kangna Ranaut
कंगना रनौट इस समय अपने करियर के शिखर पर हैं। अपने बेहतरीन अभिनय वे से दर्शकों को लुभा रही हैं और अन्य अभिनेत्रियों की नींद उड़ा रखी है। अपने करियर में कंगना ने कुछ ऐसी फिल्में की हैं जिन पर वे गर्व कर सकती हैं। पेश है कंगना के बेहतरीन अभिनय वाली श्रेष्ठ पांच फिल्म।

 


 
 
गैंगस्टर (2008) 
गैंगस्टर के लिए फिल्मकार महेश भट्ट ने यह कह कर कंगना को फिल्म में नहीं लिया कि इस रोल के लिए कंगना की उम्र कम है। कंगना की बजाय चित्रांगदा सिंह को लिया गया, लेकिन चित्रांगदा कुछ कारणों से फिल्म नहीं कर पाई। तब कंगना की याद महेश को आई और उन्होंने कंगना को साइन किया। फिल्म को अनुराग बसु ने निर्देशित किया। इसे अबू सलेम और मोनिका बेदी की जिंदगी पर आधारित बताया गया, लेकिन अनुराग ने इससे इंकार किया।

कंगना ने इसमें सिमरन नामक शराबी लड़की का रोल अदा किया जो गैंगस्टर (शाइनी आहूजा) और अपने दोस्त (इमरान हाशमी) के प्यार में पड़ जाती है। इस लव ट्रांयगल को अनुराग ने मधुर गानों के साथ बेहतरीन तरीके से पेश किया। दोनों अभिनेताओं पर कंगना का अभिनय भारी पड़ा। उन्होंने अपने इस रोल में जान फूंक दी। कई फिल्म समीक्षकों ने कंगना की तारीफ करते हुए लिखा कि बॉलीवुड को बेहतरीन अभिनेत्री मिल गई है। कंगना को इस फिल्म के लिए बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेअर, जी सिने, स्टार स्क्रीन, ग्लोबल इंडियन फिल्म, स्टारडस्ट और इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडेमी का अवॉर्ड मिला। 
 

फैशन (2008) 
कंगना के करियर में फैशन मील का पत्थर साबित हुई। इस फिल्म के बाद माना जाने लगा कि इस अभिनेत्री में दम है। अच्छा निर्देशक मिलते ही यह कमाल कर देती है। फैशन यूं तो प्रियंका चोपड़ा के इर्दगिर्द घूमती है और कंगना ने सेकंड लीड का रोल अदा किया, लेकिन फिल्म देखने के बाद पहले वे याद रहती हैं, बाद में प्रियंका। शोनाली गुजराल के रूप में कंगना ने कमाल का अभिनय किया।

मधुर भंडारकर द्वारा निर्देशित यह फिल्म फैशन इंडस्ट्री पर आधारित थी। कंगना ऐसी मॉडल बनी थी जो सफलता के पहाड़ से लुढ़क कर नीचे आ गई और ड्रग्स के चक्करों में उलझ गई। शोनाली की हताशा और पीड़ा को कंगना ने इस तरह पेश किया कि दर्शक भूल गए कि यह कंगना हैं और वे अभिनय कर रही हैं। कंगना को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। इसके अलावा बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का वे फिल्मफेअर, आईफा, स्टार गिल्ड, स्टार डस्ट अवॉर्ड्स जीतने में भी सफल रहीं। 

तनु वेड्स मनु (2011)
कोंकणा सेन शर्मा को लेकर तनु वेड्स मनु बनाने की घोषणा हुई थी। घोषणा के बाद फिल्म आगे नहीं बढ़ सकी। दोबारा इस फिल्म को बनाने की योजना बनी तो कोंकणा की जगह कंगना ने ली। आनंद एल. राय द्वारा निर्देशित फिल्म में उन्होंने तनूजा त्रिवेदी उर्फ तनु का किरदार निभाया। कानपुर में रहने वाली तनु के रूप में हालांकि कंगना का अभिनय ठीक-ठाक था, लेकिन दर्शकों ने इसे हाथों-हाथ लिया।

तनु के रूप में वे खूब पसंद की गई और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। बिंदास, मुंहफट, खुले आम शराब पीने वाली तनु के किरदार को कंगना ने बेहतरीन तरीके से पेश किया। आमतौर पर गंभीर किस्म के रोल करने वाली कंगना से किसी को उम्मीद नहीं थी कि वे हास्य रोल को भी इतने अच्छे से निभा सकती हैं। इस रोल के लिए उन्हें कई पुरस्कारों में नामांकन तो मिला, लेकिन जीतने में वे कम सफल रहीं। 

क्वीन (2014) 
क्वीन में कंगना ने रानी नामक लड़की का किरदार निभाया था। विकास बहल द्वारा निर्देशित फिल्म ऐसी लड़की की कहानी है जिसे अपने से कमतर मानते हुए लड़का शादी के दो दिन पहले शादी से इंकार कर देता है। इस घटना से टूट कर वह अकेली ही हनीमून पर निकल पड़ती है। एक घबराने और नर्वस रहने वाली लड़की से आत्मविश्वासी लड़की बनने की इस यात्रा के दर्शक साक्षी बनते हैं।

'क्वीन' में कंगना ने कमाल का अभिनय किया है। एक नर्वस, घबराई हुई लड़की जिसकी शादी दो दिन पहले टूट जाती है से लेकर आत्मविश्वासी लड़की के रूप में बदलने के सारे भाव उनके चेहरे पर नजर आते हैं। फिल्म सफल रही और कंगना के अभिनय की चारों ओर धूम मच गई। अवॉर्ड्स की तो मानो झड़ी लग गई। बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड, फिल्मफेअर अवॉर्ड और स्टारडस्ट अवॉर्ड उन्हें मिला। 'क्वीन' ने कंगना का अभिनेत्री के रूप में कद और ऊंचा किया। 

तनु वेड्स मनु रिटर्न्स (2015) 
तनु वेड्स मनु के दूसरे भाग में उन्हें एक बार फिर तनु के किरदार में तो देखा ही गया, लेकिन साथ में उन्होंने कुसुम नामक हरियाणवी लड़की का रोल भी अदा किया। दोहरी भूमिका कैसे निभाई जाती है, इसके लिए 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' देखी जा सकती है। आमतौर पर कलाकार गेटअप बदल लेते हैं, लेकिन अभिनय के मामले में दोनों रोल में वे एक से नजर आते हैं। कंगना ने दोहरी भूमिका कुछ इस तरह से निभाई है कि विश्वास करना मुश्किल हो जाता है कि एक ही कलाकार ने दोहरी भूमिका अदा की है।

फिल्म में उनका अभिनय ऊंचे दर्जे का है। इस फिल्म के जरिये कंगना ने साबित किया कि वे अपनी समकक्ष अभिनेत्रियों से कहीं आगे हैं। इस फिल्म में डबल कंगना को देखना डबल मजा देता है। बिंदास, मुंहफट और अनिश्चित तनु के रूप में उनका अभिनय लाजवाब है। एथलीट कुसुम के रूप में उन्होंने कमाल का अभिनय किया है।