शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Arjun Kapoor, Tevar
Written By समय ताम्रकर
Last Updated : बुधवार, 7 जनवरी 2015 (16:44 IST)

अर्जुन के तेवर

अर्जुन के तेवर - Arjun Kapoor, Tevar
सौ से भी ज्यादा किलो के अर्जुन कपूर से जब सलमान खान ने कहा कि तुम फिल्मों में हीरो क्यों नहीं बनते तो अर्जुन को लगा कि सलमान मजाक कर रहे हैं। सलमान गंभीर थे और उन्हीं के कारण अर्जुन को वजन घटाने की प्रेरणा मिली। वैसे भी सलमान को मोटे लोगों को दुबला कर फिल्मों में पेश करने का शौक रहा है। अर्जुन के अलावा सोनाक्षी और जरीन खान उदाहरण हैं। अर्जुन कपूर की सलमान से मुलाकात अक्सर होती रहती थी क्योंकि उनके पिता बोनी कपूर की फिल्मों में सलमान ने अभिनय किया है। इसी कारण अर्जुन का सलमान के घर आना-जाना होता रहता था। 
 
अर्जुन ने कभी सोचा भी नहीं था कि वे फिल्मों में अभिनय करेंगे। पूरे परिवार के फिल्मों से जुड़ा होने के कारण फिल्म लाइन में ही कुछ करने की उन्होंने ठानी थी, लेकिन सलमान की प्रेरणा पाकर वे हीरो बन गए। पिता बोनी कपूर अपने बेटे के लिए फिल्म बना सकते थे, लेकिन अर्जुन को यशराज फिल्मस ने लांच किया। अपने पिता द्वारा दूसरी शादी करने से अर्जुन मन ही मन उनसे खफा भी थे संभवत: विरोध स्वरूप उन्होंने दूसरे निर्माता के साथ काम किया। 
इशकजादे बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और इस‍ फिल्म में अर्जुन ने एक उत्तरी भारत में रहने वाले युवक की भूमिका निभाई। यह रोल उनकी इमेज बन गया और इसके बाद वे 2 स्टेट्स और तेवर में भी उत्तरी भारत में रहने वाले युवक के रोल में दिखाई दिए। रफ-टफ भूमिका में अर्जुन बेहद जमते हैं। यही वजह है कि वे 'गुंडे' में भी सराहे गए। 'औरंगजेब' में भी उनका एंग्री यंग मैन वाला किरदार पसंद किया गया। 
 
अर्जुन वर्तमान पीढ़ी के कलाकार हैं और जानते हैं कि एक जैसी ढर्रे वाली फिल्म करना उनके करियर के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। लिहाजा बीच-बीच में प्रयोगात्मक या ऑफ बीट फिल्म भी करना चाहिए। जोखिम उठाते हुए उन्होंने 'फाइंडिंग फैनी' फिल्म की और नसीरुद्दीन शाह, पंकज कपूर और डिम्पल कपाड़िया के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। 
 
इशकजादे के हिट होते ही पिता बोनी कपूर अपने बेटे को लेकर फिल्म बनाना चाहते थे, लेकिन अर्जुन के पास समय नहीं था। उन्होंने महीनों बाद का समय दिया और तब जाकर 'तेवर' शुरू हुई। बोनी के भाई संजय कपूर भी इसके निर्माता हैं। उनकी पिछली फिल्म 'इट्स माय लाइफ' रिलीज ही नहीं हो पाई। उस फिल्म में हरमन बावेजा और जेनेलिया डिसूजा मुख्य भूमिकाओं में थे और अनीस बज्मी ने निर्देशित किया था। 
 
तेवर बॉलीवुड के फॉर्मूले पर आधारित फिल्म बनी है और इसमें अर्जुन की उन खूबियों को ही पेश किया गया है जिसे दर्शक पसंद करते हैं। फिलहाल अर्जुन अपनी पहचान बनाने में लगे हुए हैं और उन्हें इसी तरह की फिल्मों की जरूरत भी है। पैर जमने के बाद वे ऐसी फिल्म कर सकते हैं जिनमें अभिनय की रेंज दिखा सके। वर्तमान में उनका मुकाबला वरुण धवन, रणवीर सिंह, सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे युवा कलाकारों से है और इस दौड़ में अर्जुन तथा रणवीर आगे चल रहे हैं।